BSNL Free Broadband Connection: टेलिकॉम कंपनी BSNL आपके घर में मुफ्त ब्रॉडबैंड कनेक्शन लगाएगी। कंपनी ये ऑफर एक साल के लिए चला रही है। भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) सरकारी टेलिकॉम कंपनी है। वह आपके घर में मुफ्त ब्रॉडबैंड कनेक्शन लगाएगी। कंपनी अगले एक साल यानी 31 मार्च 2024 तक ब्रॉडबैंड कनेक्शन के इन्स्टॉलेशन के लिए कोई चार्ज नहीं लेगी। यानी, अगले एक साल तक बीएसएनएल का ब्रॉडबैंड कनेक्शन लेने वालों को लगवाने का कोई चार्ज नहीं देना होगा।
BSNL ब्रॉडबैंड कनेक्शन लगाने का नहीं लेगा चार्ज
यहां यह ध्यान देने वाली बात है कि ज्यादातर सभी कंपनियां ब्रॉडबैंड कनेक्शन लगाने की फीस लेती है। ग्राहकों को ब्रॉडबैंड कनेक्शन लेने के लिए अलग-अलग रकम का पेमेंट चार्ज के तौर पर करना होता है। बीएसएनएल हर एक तरह की इंटरनेट सर्विस दे रहा है। इसमें कॉपर कनेक्शन के साथ-साथ फाइबर कनेक्शन भी शामिल हैं। सरकार के द्वारा चलाई जाने वाली टेलिकॉम कंपनी का देश भर में अपनी ब्रॉडबैंड इंटरनेट सर्विस है। कंपनी के इंस्टालेशन चार्ज नहीं लेने से वह अपने साथ ज्यादा से ज्यादा ग्राहक जोड़ सकती है।
बीएसएनएल ने कॉपर कनेक्शन पर 250 रुपये का इंस्टालेशन चार्ज माफ कर दिया है। इसके साथ ही सरकारी टेलीकॉम कंपनी ने भारत फाइबर कनेक्शन लगाने पर लगने वाले 500 रुपये के चार्ज को भी माफ कर दिया है। इस कदम से कंपनी को ग्राहकों की संख्या बढ़ाने में मदद मिल सकती है। बीएसएनएल भारत फाइबर के प्लान कई राज्यों में 329 रुपये प्रति माह से शुरू होते हैं।
329 रुपये में इतना मिलता है डेटा
329 रुपये के प्लान के साथ यूजर्स को 1TB डेटा के साथ 20 एमबीपीएस तक की स्पीड मिल सकती है। डेटा लिमिट खत्म होने के बाद स्पीड घटकर 4 एमबीपीएस पर आ जाएगी। कंपनी ब्रॉडबैंड कनेक्शन ग्राहकों को भी कई किफायती प्लान ऑफर कर रही है। इन प्लान्स में ज्यादा डेटा के साथ हाई-स्पीड इंटरनेट सर्विस भी मिलेगी। ये प्लान सभी ग्राहकों के लिए नहीं है, सिर्फ कुछ शहरों के नए ग्राहक ही खरीद सकते हैं। ग्राहक अगर कम से कम छह महीने के लिए ये प्लान लेता है तो बीएसएनएल एक मुफ्त सिंगल-बैंड ओएनटी वाई-फाई राउटर देगा। 12 महीने के लिए खरीदे जाने पर यूजर्स को डुअल-बैंड वाई-फाई राउटर मिलता है।