Land Loan: सिर्फ जमीन खरीदने के लिए भी मिलता है लोन, जानिए क्या है इसका पूरा प्रोसेस

Land Loan: होम लोन की तरह जमीन खरीदने के लिए भी लोन मिल सकता है। हालांकि, इस लोन का पूरा प्रोसेस और शर्तें काफी अलग होती हैं। जानिए पूरी डिटेल।

अपडेटेड Apr 23, 2026 पर 4:34 PM
Story continues below Advertisement
बैंक यह मानकर प्लॉट लोन देते हैं कि आप उस जमीन पर रहने के लिए घर बनाएंगे।

Land Loan: घर खरीदने के लिए होम लोन लेना आम बात है। लेकिन जमीन खरीदने को लेकर लोगों के मन में कन्फ्यूजन रहता है कि क्या इसके लिए भी बैंक लोन देते हैं। इसका जवाब है... हां, जमीन के लिए भी लोन मिलता है। हालांकि, इसके नियम होम लोन से अलग और थोड़े सख्त होते हैं।

प्लॉट लोन क्या होता है?

जमीन खरीदने के लिए जो लोन दिया जाता है, उसे प्लॉट लोन या लैंड लोन कहा जाता है। यह लोन उसी जमीन के लिए मिलता है, जिस पर आगे चलकर आप घर बनाने वाले होते हैं। यानी बैंक यह मानकर पैसा देता है कि यह जमीन रहने के लिए इस्तेमाल होगी, सिर्फ निवेश के लिए नहीं।


प्लॉट लोन क्यों लेते हैं लोग

Easiloan के फाउंडर और CEO प्रमोद कठुरिया के मुताबिक, आजकल सीधे घर खरीदने की बजाय प्लॉट लेना कई होमबायर्स के लिए पहला कदम बनता जा रहा है। खासकर टियर-2 और टियर-3 शहरों में, जहां जमीन अभी भी अपेक्षाकृत सस्ती है। यहां लोग पहले प्लॉट खरीदते हैं और फिर अपनी सुविधा के हिसाब से धीरे-धीरे घर बनाते हैं।

हालांकि, उनका यह भी कहना है कि प्लॉट लोन का ढांचा और इसकी पात्रता शर्तें होम लोन से काफी अलग होती हैं। इसलिए प्लॉट खरीदने से पहले लोन की शर्तों और अपनी क्षमता का सही आकलन करना बेहद जरूरी है।

किन जमीनों पर लोन मिलता है?

हर जमीन पर बैंक लोन नहीं देते। आमतौर पर सिर्फ रिहायशी प्लॉट पर ही लोन मिलता है। इसका मतलब यह है कि जमीन किसी नगर निगम या विकास प्राधिकरण से मंजूर हो, वह वैध लेआउट में आती हो और वहां घर बनाना कानूनी रूप से मुमकिन हो। इसका मतलब कि जमीन का स्टेटस साफ होना बहुत जरूरी है।

किन जमीनों पर लोन नहीं मिलता?

कई तरह की जमीन ऐसी होती है, जिन पर बैंक लोन देने से बचते हैं। जैसे खेती वाली जमीन, गांव की जमीन जो अभी रिहायशी में बदली नहीं गई, बिना मंजूरी वाली कॉलोनियां या विवादित जमीन। इसके अलावा अगर आप सिर्फ निवेश के लिए जमीन खरीदना चाहते हैं और उस पर घर बनाने का प्लान नहीं है, तो भी बैंक आमतौर पर लोन नहीं देते।

प्लॉट लोन लेने का प्रोसेस

  • सबसे पहले अपनी एलिजिबिलिटी चेक करें। बैंक आपकी इनकम, नौकरी या बिजनेस की स्थिरता, क्रेडिट स्कोर और मौजूदा लोन देखकर तय करता है कि आप लोन के योग्य हैं या नहीं।
  • इसके बाद सही प्लॉट और बैंक चुनें। बैंक यह देखता है कि जमीन रिहायशी हो, कागज साफ हों और कोई विवाद न हो। साथ ही अलग-अलग बैंकों की ब्याज दर और शर्तों की तुलना करना जरूरी है।
  • अब लोन के लिए आवेदन करें। आप ऑनलाइन या बैंक ब्रांच में जाकर आवेदन कर सकते हैं, जहां आपको अपनी इनकम, पर्सनल डिटेल और लोन अमाउंट की जानकारी देनी होती है।
  • इसके बाद जरूरी डॉक्यूमेंट जमा करें। इसमें पहचान पत्र, पता प्रमाण, इनकम प्रूफ और जमीन के कागज शामिल होते हैं।
  • फिर बैंक वेरिफिकेशन करता है। इसमें आपकी फाइनेंशियल स्थिति और जमीन के कागज दोनों की जांच होती है, ताकि कोई जोखिम न रहे।
  • अगर सब कुछ सही रहता है, तो बैंक लोन अप्रूव कर देता है और आपको ऑफर देता है, जिसमें लोन अमाउंट, ब्याज दर और EMI की जानकारी होती है।
  • अंत में लोन डिस्बर्समेंट होता है। बैंक सीधे जमीन बेचने वाले को पैसा देता है और आपका प्लॉट खरीदने का सौदा पूरा हो जाता है।

कितना लोन मिल सकता है?

होम लोन के मुकाबले प्लॉट लोन में बैंक कम हिस्सा फाइनेंस करते हैं। मान लीजिए आप ₹50 लाख का प्लॉट खरीद रहे हैं, तो बैंक आमतौर पर 50% से 70% तक ही लोन देगा, यानी करीब ₹25 से ₹35 लाख तक। बाकी ₹15 से ₹25 लाख आपको अपनी जेब से लगाने होंगे। इसी वजह से प्लॉट लोन में डाउन पेमेंट ज्यादा होता है, और यही चीज कई लोगों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन जाती है।

ब्याज दर और लोन की अवधि

प्लॉट लोन पर ब्याज दर होम लोन से थोड़ी ज्यादा होती है, आमतौर पर 0.5% से 1% तक। मान लीजिए कि होम लोन 8% पर मिल रहा है, तो प्लॉट लोन आपको करीब 8.5% से 9% पर मिल सकता है।

अब दूसरा फर्क अवधि का है। होम लोन अक्सर 20-25 साल के लिए मिल जाता है। लेकिन प्लॉट लोन अमूमन 10-15 साल में ही चुकाना होता है। इसका सीधा असर EMI पर पड़ता है क्योंकि समय कम है और ब्याज थोड़ा ज्यादा है, तो हर महीने आपको ज्यादा EMI देनी पड़ेगी। यानी कुल लोन उतना ही हो, फिर भी प्लॉट लोन जेब पर ज्यादा भारी लगता है।

क्या जमीन लेकर घर बनाना जरूरी है?

ज्यादातर मामलों में हां, बैंक यह मानकर प्लॉट लोन देते हैं कि आप उस जमीन पर रहने के लिए घर बनाएंगे। कुछ इसलिए वे एक समय सीमा तय करते हैं, जो आमतौर पर 2 से 5 साल के बीच होती है। SBI, LIC Housing जैसे वित्तीय संस्थान तो कर्ज ही इसी शर्त पर देते हैं कि आप घर बनवाएंगे।

अगर आपने आज लोन लेकर प्लॉट खरीदा है, तो बैंक चाहेगा कि तय समय के अंदर आप उस पर कंस्ट्रक्शन शुरू कर दें या पूरा कर लें। अगर आप सिर्फ जमीन खरीदकर उसे खाली छोड़ना चाहते हैं या सिर्फ निवेश के तौर पर रखना चाहते हैं, तो बैंक लोन देने में हिचकिचाते हैं, क्योंकि उनके लिए यह ज्यादा जोखिम भरा होता है।

टैक्स में फायदा मिलता है या नहीं?

यहां प्लॉट लोन और होम लोन में बड़ा फर्क है। सिर्फ जमीन खरीदने पर आपको कोई टैक्स छूट नहीं मिलती। लेकिन जब आप उसी जमीन पर घर बनाकर होम लोन लेते हैं, तब आपको टैक्स बेनिफिट मिलता है। यानी शुरुआत में प्लॉट लोन टैक्स के लिहाज से फायदेमंद नहीं होता।

किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है?

जमीन खरीदते समय सिर्फ लोन मिल रहा है या नहीं, यह देखना काफी नहीं है। सबसे जरूरी है कि जमीन के कागज साफ हों, उस पर कोई कानूनी विवाद न हो और वह रिहायशी इस्तेमाल के लिए मान्य हो। इसके साथ ही यह भी देखना चाहिए कि भविष्य में उसकी कीमत बढ़ने की संभावना है या नहीं।

अगर लोन न मिले तो क्या करें?

अगर किसी जमीन पर बैंक प्लॉट लोन नहीं दे रहे हैं, तो कई लोग पर्सनल लोन या गोल्ड लोन लेने का सोचते हैं। अगर आपको ₹20 लाख की जरूरत है। पर्सनल लोन पर ब्याज 12% से 18% तक जा सकता है, यानी EMI काफी ज्यादा बनेगी और कुल मिलाकर आप ज्यादा ब्याज देंगे।

वहीं गोल्ड लोन में अगर आप समय पर पैसा नहीं चुका पाए, तो आपका सोना जोखिम में आ सकता है। इसलिए ये दोनों विकल्प आसान तो लगते हैं, लेकिन महंगे और रिस्की होते हैं। इन्हें तभी चुनना चाहिए जब कोई दूसरा रास्ता न बचा हो।

प्लॉट लेना सही रहेगा या नहीं?

जमीन खरीदने के लिए लोन मिल जा सकता है, लेकिन यह होम लोन जितना आसान और सस्ता नहीं होता। ज्यादा डाउन पेमेंट, ज्यादा ब्याज और कम अवधि इसे थोड़ा कठिन बना देते हैं।

अगर आप उस जमीन पर घर बनाने का प्लान रखते हैं, तो यह एक सही विकल्प हो सकता है। लेकिन अगर सिर्फ निवेश के लिए जमीन खरीद रहे हैं, तो लोन लेने से पहले अच्छी तरह सोच लेना चाहिए।

2050 में रिटायरमेंट के लिए काफी होंगे ₹5 करोड़? समझिए महंगाई और खर्च पूरा कैलकुलेशन

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।