भारत में पारंपरिक फसलों की जगह किसान बागवानी फसलों पर इन दिनों ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। वहीं कम समय में अच्छा उत्पादन मिलने की वजह से किसानों का फोकस सब्जियों की तरफ भी बढ़ा है। पारंपरिक फसलों में काफी समय लगता है। इस बीच अगर आप खेती के जरिए मोटी कमाई करना चाहते हैं तो ठंड के मौसम में मूली की खेती से मोटी कमाई कर सकते हैं। मूली की फसल बहुत कम समय में तैयार हो जाती है। ठंड के समय में इसकी डिमांड भी बढ़ जाती है।
आमतौर पर मूली की खेती तरह की मिट्टी में उगाई जा सकती है। लेकिन इसकी खेती से अच्छा उत्पादन लेने के लिए रेतीली दोमट मिट्टी बेहतर मानी गई है। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के सहेलियां गांव के किसान शेखर यादव मूली की खेती से मोटी कमाई कर रहे हैं। शेखर हर साल मूली की खेती करते हैं। इससे उन्हें एक फसल में 60,000 से 70,000 रुपये तक की कमाई हो जाती है।
मूली की खेती में लागत कम मोटा मुनाफा
लोकल 18 से बातचीत करते हुए शेखर ने बताया कि वो ज्यादातर सब्जियों की खेती करते हैं। इसकी वजह ये है कि सब्जियों में मुनाफा ज्यादा होता है। इस समय हमारे पास करीब दो बीघे में मूली लगी हुई है। मूली की डिमांड बाजार मे हमेशा बनी रहती है। इस खेती में लागत देखी जाए तो बेहद कम है। मुनाफा ज्यादा है। शेखर ने बताया कि अगर लागत की बात करें तो एक बीघे में 2,000 रुपये लागत आती है। मुनाफा इसमें करीब 60,000 से 70,000 रुपये पहुंच जाता है। मूली की खेती के लिए सबसे पहले इसे 3 से 4 बार जुताई की जाती है। फिर खेत से खरपतवार निकालने के बाद मिट्टी की मोटी लाइन बनाई जाती है। इन लाइनों के ऊपर मूली के बीज बोए जाते हैं। पौधे निकलने के करीब एक हफ्ते बाद सिंचाई शुरू हो जाती है।
वैसे तो भारत में मूली की कई किस्में मिट्टी और जलवायु के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर उगाई जाती हैं। लेकिन कम समय में अच्छा उत्पादन देने वाली किस्मों में पूसा हिमानी, पूसा देसी, पूसा चेतकी, पूसा रेशमी, जापानी सफेद और गणेश सिंथेटिक आदि किस्मों को एशियाई मिट्टी में उगा सकते हैं।
मूली सेहत के लिए फायदेमंद माना गया है। इसके सेवन से पाचन शक्ति दुरुस्त रहती है। ब्लड शुगर लेवल को भी कंट्रोल करने में मदद मिलती है। ठंड के मौसम में रोजाना मूली खाने से खांसी-जुकाम से बचा जा सकता है। मूली का सेवन दिल से जुड़ी बीमारियों के खतरे को भी कम करने में मदद करता है। मूली में विटामिन C, फाइबर, फोलेट, पोटैशियम, मैग्नीशियम और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। ये सभी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माने गए हैं।