Buy Now, Pay Later: मार्केट में आजकल कई सारी ई-कॉमर्स कंपनियां मौजूद हैं। जहां से आप ऑनलाइन खरीदारी करते होंगे। ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान क्रेडिट कार्ड का ऑप्शन तो आपने जरूर देखा होगा। लेकिन इन दिनों एक नए तरह से पेमेंट करने का तरीका चल गया है। ये ऑप्शन बाय नाउ पे लेटर (Buy Now, Pay Later – BNPL) है। इसके जरिए आप पहले सामान खरीद लीजिए बाद में पेमेंट करना होता है। पेमेंट करने के लिए 15 से 45 दिन का समय मिल जाता है। देश में पेमेंट का ये तरीका बहुत तेजी से ग्रोथ कर रहा है। शॉपिंग के शौकीन लोग तेजी से इसकी तरफ आकर्षित हो रहे हैं।
बाय नाउ पे लेटर में पेमेंट डेट पर आपकी ओर से खर्च की गई रकम आपके बैंक अकाउंट खाते से डेबिट हो जाती है। अगर आप पेमेंट डेट पर एकमुश्त पैसे नहीं देना चाहते हैं तो इसे किश्तों में भी चुका सकते हैं। माना जा रहा है कि आने वाले कुछ सालों में इसका चलन और तेजी से बढ़ेगा।
Buy Now, Pay Later की खासियत
Buy Now, Pay Later पेमेंट करने के लिए एक ऑप्शन है। जिसमें आपको सामान खरीदने के बाद तुरंत पेमेंट नहीं करना होता है। इसमें एक निश्चित समय तक बिना ब्याज के पैसे चुका सकते हैं। हालांकि डेडलाइन निकल जाने के बाद Buy Now, Pay Later सुविधा मुहैया करानी वाली कंपनी ब्याज वसूल सकती है। इससे आपके क्रेडिट स्कोर पर असर पड़ सकता है। बिना ब्याज के पेमेंट करने का समय आमतौर पर 15-45 दिन का दिया जाता है। इसकी क्रेडिट लिमिट 500 रुपये से लेकर 30,000 रुपये तक हो सकती है।
जानिए BNPL कैसे काम करता है
सभी BNPL सर्विस प्रोवाइडर्स अपने ऑपरेशन मॉडल के नियम और शर्तों को शेयर करते हैं। पहली बार BNPL सुविधा का उपयोग करने वाले खरीदारों को प्रोवाइडर के प्लेटफॉर्म पर KYC जैसी औपचारिकताएं पूरी करनी होगी। इसके बाद आप खरीदारी कर सकते हैँ। डाउनपेमेंट के तौर पर आपको कुछ पैसे देने होंगे। बाकी पैसे बाद में एकमुश्त या किश्तों में दे सकते हैं। खरीदारी के बाद आपको बाय नाउ पे लेटर का ऑप्शन सेलेक्ट करना होगा। रि-पेमेंट बैंक ट्रांसफर, चेक, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या सीधे बैंक अकउंट से पेमेंट कर सकते हैं।
BNPL के जरिए खरीदारी का सबसे बड़ा फायदा ये है कि आपको पैसों की दिक्कत नहीं होती है। पल भर में आपको लोन मिल जाता है। इसमें ट्रांजैक्शन सुरक्षित रहता है। रिपेमेंट की अवधि चुन सकते हैं। नो-कॉस्ट ईएमआई का फायदा मिलता है। यह प्रक्रिया आसान और पूरी तरह से पारदर्शी है।