इन दिनों क्रेडिट कार्ड (Credit Card) का चलन और इस्तेमाल काफी बढ़ गया है। कई सारे लोग शॉपिंग या फिर बिल पेमेंट के लिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि हमें अपने क्रेडिट कार्ड को काफी संभाल कर और समझदारी के साथ ही इस्तेमाल करना चाहिए। क्योंकि इससे आप पर उधारी का बोझ भी बढ़ सकता है। क्रेडिट कार्ड का बिल ड्यू रह जाने से इस पर आपको काफी भारी भरकम ब्याज भी चुकाना होता है। लेकिन काफी कम क्रेडिट कार्ड यूजर्स को यह बात पता है कि वे बैलेंस ट्रांसफर (Balance Transfer) के जरिए भी अपना बिल चुका सकते हैं। आइये जानते हैं इससे जुड़ी हर एक तरह की जानकारी के बारे में।
क्या है ये बैलेंस ट्रांसफर
बैलेंस ट्रांसफर (Balance Transfer) के जरिए आप अपने मौजूदा क्रेडिट कार्ड के बकाया को किसी और क्रेडिट कार्ड में ट्रांसफर कर सकते हैं। ऐसा आप ज्यादा उधारी बढ़ने की स्थिति में कर सकते हैं। हालांकि अगर आप अपने क्रेडिट कार्ड का बैलेंस ट्रांसफर कर रहे हैं तो आपको इस क्रेडिट कार्ड के चार्ज और इंटरेस्ट रेट के बारे में भी पूरी जानकारी होनी चाहिए जिसमें आपको बैलेंस ट्रांसफर करना है।
कर सकते हैं बिल का पेमेंट
एक क्रेडिट कार्ड के बकाया को दूसरे क्रेडिट कार्ड में ट्रांसफर करके बिल का भुगतान किया जा सकता है। कई सारे बैंक इस तरह की सुविधाएं दे रहे हैं। आप एक क्रेडिट कार्ड के जरिए दूसरे क्रेडिट कार्ड का बकाया पेमेंट कर सकते हैं। इसके अलावा आप बैलेंस ट्रांसफर में EMI के ऑप्शन को भी चुन सकते हैं। इसके अलावा आपको यह बात जानना भी बेहद जरूरी है कि बिल ट्रांसफर में आप केवल उतने ही पैसे ले सकते हैं जितने की लिमिट आपके क्रेडिट कार्ड में है। जैसे कि अगर मान लें कि आपकी लिमिट 1 लाख रुपये तक है तो आप 1 लाख रुपये तक बिल ट्रांसफर कर सकते हैं।