देश के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने अपने योनो ऐप (SBI Yono) को लेकर एक बड़ा ऐलान किया है। एसबीआई ने हाल ही में किसी भी बैंक के कस्टमर्स के लिए UPI पेमेंट के लिए अपने योनो ऐप को इस्तेमाल करने की मंजूरी दी है। यानी कि अब किसी भी बैंक के ग्राहक UPI पेमेंट के लिए एसबीआई के योनो ऐप का इस्तेमाल कर पाएंगे। इसे लेकर एसबीआई ने एक प्रेस रिलीज को भी जारी किया है। अपनी इस प्रेस रिलीज में एसबीआई ने बताया कि हर भारतीय के लिए 'योनो' के साथ, अब किसी भी बैंक ग्राहक को योनो के नए अवतार में स्कैन, पेमेंट और अपने कॉन्टैक्ट्स में पैसे भेज सकते हैं। आइये जानते हैं कि यह सुविधा कैसे काम करती है।
कैसे कर सकते हैं इस सर्विस का इस्तेमाल
इस सर्विस का इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले आपको अपने मोबाइल में योनो ऐप को डाउनलोड करना होगा। इसके बाद आपको सामने न्यू टू एसबीआई का ऑप्शन सामने आएगा। इसके बाद आपके सामने 'रजिस्टर नाउ' का ऑप्शन सामने आएगा। इसके बाद अगर आप एसबीआई के कस्टमर नहीं हैं तो आपको रजिस्टर नाऊ के ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। इसके अगले पेज पर आपको UPI पेमेंट करने के लिए रजिस्टर करें का ऑप्शन आएगा। हालांकि इस सर्विस का इस्तेमाल करने के लिए आपका मोबाइल नंबर आपके बैंक अकाउंट से लिंक होना चाहिए। इसके अलगे स्टेज में आपको उस सिम को सेलेक्ट करना होगा जो कि आपके बैंक अकाउंट से लिंक है। आपके मोबाइल नंबर को वेरिफाई करने के लिए आपके नंबर पर एक एसएमएस भेजा जाएगा।
एक बार आपका नंबर वेरिफाई हो जाने के बाद आपको आपको UPI आईडी बनाने के लिए अपने बैंक को सेलेक्ट करना होगा। आप या तो अपना बैंक नाम टाइप कर सकते हैं या तो लिस्ट से उसको सेलेक्ट कर सकते हैं। अब आपको एक मैसेज मिलेगा जिसमें लिखा होगा कि एसबीआई पे के लिए आपका रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। आप अपना बैंक अकाउंट नंबर अपनी स्क्रीन के टॉप पर देख सकते हैं। अब, आपको एक SBI UPI हैंडल बनाना होगा। एसबीआई आपको तीन यूपीआई आईडी ऑप्शन देगा जिनमें से आप एक का चयन कर सकते हैं। एक बार जब आप एक यूपीआई आईडी चुनते हैं, तो आपको एक संदेश मिलेगा जिसमें लिखा होगा, "आपने सक्सेसफुली एक एसबीआई यूपीआई हैंडल बना लिया है।
आपको अपने खाते में लॉग इन करने और भुगतान शुरू करने के लिए एक एमपिन सेट करना होगा। अगले स्टेज में, आपको अपने खाते में लॉग इन करने के लिए अपनी पसंद का छह अंकों का स्थायी एमपिन सेट करना होगा। आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि MPIN छह अंकों का होना चाहिए। एमपिन सेट करने के बाद, आप यूपीआई भुगतान करने के लिए योनो एसबीआई ऐप का उपयोग शुरू कर सकते हैं। UPI YONO ऐप का उपयोग करके आप किसी भी QR कोड को स्कैन कर सकते हैं और UPI के जरिए पेमेंट कर सकते हैं। इसके अलावा, आप अपने किसी भी संपर्क को पैसे भेज सकते हैं, एक खाते से दूसरे खाते में पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं, यूपीआई आईडी या किसी नंबर के जरिए पैसे भेज सकते हैं और दूसरों से आपको पैसे भेजने का अनुरोध कर सकते हैं।
Google Pay, Paytm, PhonePe को चुनौती?
गैर-एसबीआई खाताधारकों को यूपीआई भुगतान के लिए एसबीआई योनो ऐप का उपयोग करने की मंजूरी देने के बाद कुछ प्रमुख यूपीआई ऐप्स जैसे कि पेटीएम, फोनपे और गूगल पे के लिए एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। आने वाले वक्त में यह सुविधा यूपीआई सर्विस के लिहाज से गेम चेंजर साबित हो सकता है। दरअसल कई सारे लोग अभी भी बैंकों पर ज्यादा भरोसा करते हैं।