आज कल के इस अर्थयुग में आखिर अमीर कौन नहीं बनना चाहता है? रात-दिन, सोते-जागते हर व्यक्ति के मन में यह ख्याल जरूर आता होगा कि वह करोड़पति क्यों नहीं है। वह भी उतनी ही तो मेहनत करता है, जितना दूसरा व्यक्ति। बावजूद इसके वह हमेशा पैसे की तंगी से जूझता रहता है। ऐसे में अगर आपके पास आमदनी सीमित है तो आज से ही सेविंग करना शुरू कर दीजिए। जीवन में कमाना, बचाना जरूरी है। लेकिन अपनी सेविंग पर सबसे अधिक रिटर्न कमाना अमीर बनने की बेसिक शर्त है।
अमीर बनने के लिए सबसे जरूरी है कि आप छोटे-छोटे लक्ष्य बनाएं। अगर आपने एक दिन में 100 या 1000 रुपये कमाने का लक्ष्य बना लिया है तो इस लक्ष्य को किसी भी हाल में पूरा करिए। 100 या 1000 रुपये के ऊपर आपको जितना भी मिलता है। उसे आप निवेश कर दें। बाकी आपने अपने निर्धारित लक्ष्य के तहत जो भी कमाया था। उसकी आप सेविंग कर सकते हैं।
क्रेडिट या डेबिट कार्ड का बहुत अधिक इस्तेमाल न करें। जब बोनस मिले तो इसे भी एक सैलरी की तरह मानकर खर्च और बचत करें।
अपनी बचत का निवेश सही जगह पर करेंगे तो आपको बेहतर रिटर्न मिलने में मदद मिलेगी। नुकसान का डर बहुत से लोगों में लाभ की खुशी से अधिक असर डालता है। आपको इस डर से बाहर निकलना होगा।
करोड़पति बनने की राह में सबसे बड़ा रोड़ा यही होता है कि आप कितना जोखिम ले सकते हैं। अगर आपको अमीर बनना है तो रिस्क तो लेना ही होगा। हालांकि, यह आपको तय करना होगा कि आप जोखिम किस क्षेत्र में ले रहे हैं। आप कहीं प्रॉपर्टी लीजिए। कुछ दिनों बाद उसे बेच दीजिए। प्रॉपर्टी का चयन आपको सूझबूझ के साथ करना होगा।
सालाना बचत की रकम बढ़ाते रहने से आप अपने वित्तीय लक्ष्य को जल्द ही हासिल कर सकते हैं। इसकी मदद से आप बड़े लक्ष्य को भी आसानी से पा जाएंगे। अगर आप बचत में बढ़ोतरी नहीं कर पाएंगे तो महंगाई की वजह से आपकी बचत में असल बढ़ोतरी नहीं होगी।
अपने कौशल के अनुसार काम का चुनाव करें
बहुत से लोग अपने कौशल (स्किल) के अनुसार काम का चुनाव नहीं करते हैं। ऐसे में न तो वो सफल बन पाते हैं और न ही संतुष्ट हो पाते हैं। लिहाजा अपने कौशल के अनुसार ही काम का चुनाव करना चाहिए। हो सकता है कि ऐसा करने के लिए आपको शून्य से शुरू करना पड़े। लोगों का विरोध झेलना पड़े, लेकिन एक बात तो तय है कि अगर आप अपनी इच्छा का काम शुरू करते हैं तो सफल और अमीर जरूर बनेंगे।