Fact Check: सोशल मीडिया में इन दिनों एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। इसमें कहा गया है कि केंद्र सरकार 2000 रुपये के नोटों को बंद करने की तैयारी में है। वहीं ये भी कहा जा रहा है कि सरकार 1 जनवरी 2023 से 1000 रुपये के पुराने वाले नोटों की वापसी कर सकती है। यानी इन नोटों को फिर से चलन में लाया जाएगा। अगर आपने भी ऐसा वीडियो या मैसेज देखा है तो इसकी सच्चाई जानना बेहद जरूरी है। बता दें कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर 2016 को 500 और हजार रुपये की पुरानी नोटों को बंद कर दिया था। इसके बाद 2000 रुपये के नए नोट चलन में आए थे।
वायरल मैसेज में कहा गया है कि 1 जनवरी से ₹1000 का नया नोट आने वाला है। 2000 के नोट बैंक वापस लौट जाएंगे। आपको सिर्फ ₹50000 जमा करने की इजाजत होगी। वो भी आपको 10 दिन के भीतर जमा करना होगा।
वायरल हो रहे इस वीडियो ने उन सभी लोगों की टेंशन बढ़ा दी है। जिनके पास ये मैसेज पहुंच रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस मैसेज की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए PIB Fact Check ने दावे की पड़ताल करते हुए दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया। PIB Fact Check ने अपनी जांच-पड़ताल में पाया कि वीडियो में किया जा रहा दावा पूरी तरह से फर्जी है। केंद्र सरकार (Government of India) ने 2000 रुपये के नोट को बंद करने का फैसला नहीं लिया है। PIB Fact Check ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के भ्रामक मैसेज को बिल्कुल भी फॉरवर्ड न करें।
इस तरह के फर्जी मैसेज को न करें फॉरवर्ड
बता दें कि PIB ने लोगों को आगाह किया है कि यह वीडियो पूरी तरीके से फर्जी है। इस तरह के वायरल दावे की सच्चाई पता किए बिना किसी को भी फॉरवर्ड न करें। इसके साथ ही अगर आपके पास भी कोई इस तरह का मैसेज आता है तो आप उसकी सच्चाई के बारे में पता लगाने के लिए फैक्ट चेक करा सकते हैं। इसके लिए आपको ऑफिशियल लिंक https://factcheck.pib.gov.in/ पर विजिट करना है। इसके अलावा आप वाट्सएप नंबर +918799711259 या ईमेल pibfactcheck@gmail.com पर भी वीडियो भेज सकते हैं।
2000 के नोटों की छपाई बंद
हाल ही में केंद्र सरकार ने संसद में एक सवाल के जवाब में कहा कि 2000 के नए नोटों की छपाई के लिए 2018-19 के बाद कोई नया ऑर्डर नहीं दिया गया है। इसे आसान शब्दों में समझें तो 2000 के नए नोटों की छपाई संभवत बंद कर दी गई है।