मार्च का महीना खत्म होने में बस तीन दिन का समय बचा है। मार्च का महीना 31 मार्च 2023 को खत्म हो जाएगा। ऐसे में 1 अप्रैल 2023 को होने वाले बदलावों का असर सीधा आपके घर खर्च पर पड़ने वाला है। ऐसे में आपके लिए इन बदलावों को जानना बेहद जरूरी हो जाता है। आइए जानते हैं कि 1 अप्रैल 2023 से क्या बदलाव होने वाले हैं।
अप्रैल में इतने दिन बंद रहेंगे बैंक
फाइनेंशियल ईयर 2022-23, 31 मार्च को खत्म हो रहा है। ऐसे में 1 अप्रैल से शुरू होने वाले नए फाइनेंशियल ईयर 2023-24 के साथ कुछ बदलाव ऐसे हैं जो लागू होंगे। सभी बैंक ग्राहकों को पता होना चाहिए कि अप्रैल 2023 में बैंकों की कितनी छुट्टियां होंगी, ताकी वे ब्रांच जाने की दिक्कतों से बचे रहें। साल 2023 के अप्रैल महीने में 15 दिन ऐसे हैं जब वीकेंड सहित बैंक हॉलिडे के चलते सारे प्राइवेट और सरकारी बैंक बंद रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की गाइडलाइन के मुताबिक अप्रैल 2023 में दूसरे और चौथे शनिवार और रविवार सहित 15 दिनों के लिए बैंक बंद रहेंगे।
Pan-Aadhaar Link की डेडलाइन बढ़ी
सबसे जरूरी काम है Pan-Aadhaar Link कराना। सरकार ने इन दोनों ही दस्तावेजों को लिंक कराना अनिवार्य कर दिया है। इसकी डेडलाइन पहले 31 मार्च 2023 थी जिसे जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है। हालांकि इसके लिए आपको 1000 रुपये का जुर्माना भी देना होगा। अगर आपने लिंक नहीं कराया तो आपका पैन कार्ड डेडलाइन के बाद इनवैलिड हो जाएगा।
बढ़ सकते हैं गैस सिलेंडर के दाम
हर महीने की पहली तारीख को सरकारी तेल कंपनियां गैस सिलेंडर के नए रेट जारी करती है। ऐसे ही पिछले महीने मार्च में LPG गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये तक का इजाफा किया गया था। वहीं, कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 350 रुपये का इजाफा हुआ था। अब अप्रैल की पहली तारीख को सरकार गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव कर सकती है। अगर सरकार इन जरुरी चीजों के दामों में बदलाव करती है तो इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा।
सोना को खरीदने के तरीके में बदलाव
सरकार ने सोना खरीदने के तरीके में भी बदलाव करने का ऐलान किया है। यह बदलाव 1 अप्रैल से लागू कर दिए जाएंगे। भारत सरकार ने कहा है कि 1 अप्रैल से सोने के आभूषणों और सोने की कलाकृतियों की बिक्री छह अंकों के अल्फाटन्यूमेरिक एच यू आई डी ( alphanumeric HUID) के बिना करने की मंजूरी नहीं दी जाएगी। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, 1 अप्रैल 2023 से, HUID के साथ ही सोने के आभूषणों की बिक्री की अनुमति दी जाएगी।