Rules Change From 1st May: आज से मई का पहला महीना शुरू हो चुका है। हर महीने की तरह मई के महीने में भी कुछ बदलाव हो गया है। इसमें गैस सिलेंडर के दाम से लेकर टोल टैक्, UPI पेमेंट्स में कई तरह के बदलाव देखने को मिल रहे हैं। यह ऐसे बदलाव हैं, जिसका सीधा असर आपकी जेब पर पड़ेगा। इस महीने की शुरुआत में बैंक में छुट्टियां रहेंगी। ऐसे में घर से बाहर निकलने के पहले सारी जानकारी जुटा लें। कहीं ऐसा न हो कि बाद में आपको कठिनाइयों का सामना करना पड़े। आइये जानते हैं किन नियमों में हुआ बदलाव...
1 मई से होने वाले अन्य बड़े बदलावों में से एक रिटेल निवेशकों के लिए UPI पेमेंट्स लिमिट में बढ़ोतरी है। सेबी के नए नियमों के मुताबिक 1 मई के बाद किसी कंपनी के IPO में निवेश करने के लिए UPI के जरिए पेमेंट करते समय 5 लाख रुपये तक की बोली जमा कर सकते हैं। अभी तक यह लिमिट 2 लाख रुपये तक की थी। नई लिमिट 1 मई के बाद आने वाले हर IPO के लिए मान्य है। बता दें कि सेबी ने नवंबर 2018 में ही IPO में निवेश के लिए UPI से पेमेंट की मंजूरी दी थी। जो 1 जुलाई 2019 से लागू है।
इस टोल टैक्स पर अब होगी वसूली
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्र सरकार की ओर से लखनऊ से गाजीपुर की ओर जाने वाला पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 1 मई से टोल टैक्स वसूला जाएगा। यह 340 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे है। अब इस एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों को ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। टोल टैक्स वसूली की दर 2.45 रुपये प्रति किलोमीटर हो सकती है।
लगातार कई दिन बंद रहेंगे बैंक
मई की शुरुआत में लगातार 3 दिन बैंकों में काम काज नहीं होगा। मई महीने की शुरुआत यानी 1, 2 और 3 तारीख को कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा मई महीने में कुल 13 दिन बैंक में छुट्टी है। 1 मई को मजदूर दिवस और रविवार की वजह से पूरे देश के बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 2 मई को भगवान श्री परशुराम जयंती है। जिसकी वजह से भी बैंकों में कामकाज नहीं होगा। फिर 3 मई को ईद की वजह से ज्यादातर सभी शहरों में बैंक बंद रहेंगे।
सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को गैस सिलेंडर के रेट्स में बदलाव करती हैं। पिछली बार गैस सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इस बार आज यानी 1 मई से कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 100 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।