यात्री गण कृपया ध्यान दें, अब एयरटेल पेमेंट्स बैंक से भी कर पाएंगे मेट्रो कार्ड रिचार्ज, DMRC ने शुरू की सर्विस

DMRC ने 29 जनवरी को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि दिल्ली मेट्रो के यात्री अब एयरटेल पेमेंट्स बैंक के वेब या ऐप प्लेटफॉर्म के जरिए स्मार्ट कार्ड में पैसा जोड़ सकेंगे। एयरटेल पेमेंट्स बैंक के साथ साझेदारी करके, दिल्ली मेट्रो ने कैशलेस यात्रा के लिए यात्रियों को अपने स्मार्ट कार्ड रिचार्ज करने का एक अतिरिक्त विकल्प प्रदान किया है

अपडेटेड Jan 29, 2023 पर 4:27 PM
DMRC ने 29 जनवरी को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि दिल्ली मेट्रो के यात्री अब एयरटेल पेमेंट्स बैंक के वेब या ऐप प्लेटफॉर्म के जरिए स्मार्ट कार्ड में पैसा जोड़ सकेंगे

अगर आप एयरटेल पेमेंट्स बैंक (Airtel Payments Bank) का इस्तेमाल करते हैं और दिल्ली के निवासी हैं तो आपके लिए एक जरूरी अपडेट है। एयरटेल पेमेंट्स बैंक के यूजर अब इसकी वेबसाइट या ऐप के जरिए से अपने मेट्रो कार्ड में रिचार्ज कर पाएंगे। दिल्ली मेट्रो को संचालित और मैनेज करने वाली संस्था दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने खुद इस बात की जानकारी दी है।

क्या कहा DMRC ने

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने 29 जनवरी को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि दिल्ली मेट्रो के यात्री अब एयरटेल पेमेंट्स बैंक के वेब या ऐप प्लेटफॉर्म के जरिए स्मार्ट कार्ड में पैसा जोड़ सकेंगे। DMRC ने एक विज्ञप्ति जारी करते हुए सूचना दी है कि, दिल्ली मेट्रो और एयरटेल पेमेंट्स बैंक की यह नई पहल डिजिटल लेनदेन सेवाओं को हर भारतीय तक पहुंचाने और सरकार के डिजिटल इंडिया और वित्तीय समावेशन के लक्ष्य को फोकस करते हुए शुरू की गई है।

Business Idea: सागवान की खेती से होगी अंधाधुंध कमाई, जानिए कैसे करें शुरू


एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने DMRC के साथ की है पार्टनरशिप

एयरटेल पेमेंट्स बैंक के साथ साझेदारी करके, दिल्ली मेट्रो ने कैशलेस यात्रा के लिए यात्रियों को अपने स्मार्ट कार्ड रिचार्ज करने का एक अतिरिक्त विकल्प प्रदान किया है। डीएमआरसी ने कहा, "लेनदेन पूरी तरह से सुरक्षित होगा और कार्ड या नेट बैंकिंग डिटेल को केवल एक बार ऐप पर सेव किया जाएगा। इस सुविधा के माध्यम से रिचार्ज तेज और सुविधाजनक होगा।"

ऐसे काम करेगी ये सर्विस

यूजर एयरटेल थैंक्स ऐप पर जाकर बैंक सेक्शन में मेट्रो रिचार्ज आइकन के ऑप्शन को सेलेक्ट करके वहां पर स्मार्ट कार्ड नंबर, रिचार्ज अमाउंट दर्ज करके पमेंट कर सकते हैं जिसके बाद उनका कार्ड रिचार्ज हो जाएगा। रिचार्ज करने के बाद मेट्रो स्टेशन पर लगे एड वैल्यू मशीन (AVM) पर जाकर कार्ड को टैप भी करना होगा।

डीएमआरसी ने हाल के दिनों में, लाइनों में लगने से और समय बचाने के लिए स्मार्ट कार्डों के आसान टॉप-अप या टोकन की बिक्री की सुविधा के लिए कई पहलें शुरू की हैं। इनमें टीवीएम के माध्यम से स्मार्ट कार्ड टॉप-अप, अन्य बैंकों के साथ मेट्रो कॉम्बो कार्ड की शुरुआत, स्टेशनों पर क्रेडिट/डेबिट कार्ड लेनदेन की सुविधा, dmrcsmartcard.com के माध्यम से नेट बैंकिंग और भुगतान के लिए मोबाइल ई-वॉलेट शामिल हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।