दिल्ली-एनसीआर में दूध सप्लाई करने वाली मदर डेयरी (Mother Dairy) ने अपनी धारा एडिबल ऑयल की कीमत में कटौती का ऐलान किया है। मदर डेयरी ने तेल की मैक्सिमम रिटेल प्राइस (MRP) में प्रति लीटर 10 रुपये की कमी करने का निर्णय लिया है। कंपनी ने कहा है कि अगले सप्ताह से नई कीमतों वाली पैकिंग बाजार में उपलब्ध हो जाएगी। कंपनी ने कहा कि धारा ब्रांड के तेल की कीमतों में कटौती ग्लोबल मार्केट में एडिबल ऑयल की कीमतों में आई गिरावट को देखते हुए की गई है।
मदर डेयरी के प्रवक्ता ने गुरुवार को जारी बयान में कहा, ‘‘धारा एडिबल ऑयल के सभी प्रोडक्ट के एमआरपी में 10 रुपये प्रति लीटर तक की कटौती की जा रही है। यह कदम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एडिबल ऑयल के दाम गिरने और घरेलू स्तर पर सरसों जैसी तिलहन फसलों की उपलब्धता में सुधार को देखते हुए उठाया गया है।’’
मदर डेयरी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में मिल्क प्रोडक्ट्स की सप्लाई करने के साथ धारा ब्रांड के तहत एडिबल ऑयल की भी बिक्री करती है। एडिबल ऑयल को आम तौर पर खुदरा विक्रेता, बोतल या उसके पैकेट पर छपे MRP से कम दाम पर बेचते हैं।
कटौती के बाद कितनी होगी कीमत
दाम में कटौती के बाद धारा ब्रांड के रिफाइंड सोयाबीन तेल की कीमत 140 रुपये प्रति लीटर होगी जबकि रिफाइंड चावल भूसी तेल (राइस ब्रान) का एमआरपी 160 रुपये प्रति लीटर होगा। धारा रिफाइंड वनस्पति तेल अब 200 रुपये प्रति लीटर के भाव पर उपलब्ध होगा। इसी तरह धारा कच्ची घानी सरसों तेल की एमआरपी 160 रुपये प्रति लीटर और धारा सरसों तेल की एमआरपी 158 रुपये प्रति लीटर होगी। मदर डेयरी ने कहा कि धारा का रिफाइंड सूरखमुखी तेल का एमआरपी अब 150 रुपये प्रति लीटर और नारियल तेल का एमआरपी 230 रुपये प्रति लीटर होगा।