Joint Parcel Product JPP : जल्द ही आप भारत में किसी भी जगह से घर बैठे पार्सल भेज सकेंगे और घर पर ही पार्सल प्राप्त कर सकेंगे। भारतीय डाक (India Post) और भारतीय रेल (Indian Railways) दोनों मिलकर एक खास सर्विस देने जा रहे हैं, जिसे ज्वाइंट पार्सल प्रोडक्ट (Joint Parcel Product) नाम दिया गया है। फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के रूप में सूरत और वाराणसी के बीच इसकी शुरुआत हो गई है।
दोनों सरकारी विभाग ऐसे करेंगे मिलकर काम
इसके जरिये भारतीय डाक फर्स्ट माइल और लास्ट माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी। इसका मतलब है कि वह आपके घर से पार्सल लेगी और निर्धारित जगह तक इसकी डिलिवरी करेगी।
वहीं रेलवे की बात करें तो वह इंटरमीडिएट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी यानी एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक पार्सल को ले जाने की जिम्मेदारी रेलवे की होगी।
बिजनेस से बिजनेस, बिजनेस से ग्राहक के बीच संपर्क होगा स्थापित
यह अपनी तरह की देश में पहली सेवा होगा, जिसमें सरकार के दो विभाग मिलकर काम करेंगे। घर से पार्सल लिया जाएगा और रिसीवर के घर तक पहुंचा दिया जाएगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। वैष्णव ने कहा कि जेपीपी का मकसद संपूर्ण पार्सल सेवा प्रदान करके बिजनेस से बिजनेस और बिजनेस से ग्राहक के बीच संपर्क स्थापित करना है।
पायलट प्रोजेक्ट्स के रूप में हुई शुरुआत
मंत्री ने बताया कि इसके तहत पार्सल भेजने वाले के परिसर से पार्सल को उठाने, बुक करने और फिर गंतव्य स्थल तक इसे पहुंचाने की सेवा शामिल होगी।
भारतीय रेल और भारतीय डाक ने पायलट प्रोजेक्ट के रूप में JPP की शुरुआत की है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, इसके तहत पहली सेवा 31 मार्च, 2022 को सूरत से वाराणसी के लिए शुरू हुई है।