वरिष्ठ नागरिक यानी सीनियर सिटीजन्स की कटेगरी में आने वाले रेल यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। दरअसल बात ये है कि उनको दोबारा से ट्रेन में सस्ते टिकट की सुविधा मिलना शुरू हो सकती है। संसद की एक स्थाई समिति ने कोरोना माहामारी से पहले वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराये में मिलने वाली छूट को दोबारा से शुरू किए जाने का सिफारिश की है। बता दें कि पहले भारतीय रेलवे में वरिष्ठ नागरिकों की कटेगरी में आने वाले लोगों को रेल टिकट पर छूट मिलती थी।
इस वजह से बंद हुई थी टिकट पर छूट
बता दें कि पहले रेलवे टिकट पर सीनियर सिटीजन्स कटेगरी में आने वाले लोगों को टिकट की कीमतों पर छूट दी जाती थी, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से इस छूट को खत्म करने का फैसला किया गया था। भारतीय रेलवे में 60 साल या इससे अधिक की आयु सीमा वाले लोगों को किराये में 40 फीसदी तक की छूट मिलती थी। जबकि 58 साल या इससे अधिक की उम्र वाली महिलाओं को टिकट पर 50 फीसदी तक का डिस्काउंट मिलता था। अब संसद की समिति ने एक बार फिर से कोविड से पहले दी जाने वाली इस छूट को बहाल करने की सिफारिश की है। अगर रेल मंत्रालय इस सिफारिश को मान लेता है तो वरिष्ठ नागरिकों को एक बार फिर से सस्ता टिकट मिलना शुरू हो जाएगा।
समिति ने कहा खत्म हो गया है कोविड का असर
संसदीय समिति ने अपनी सिफारिश में कहा कि रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक देश कोविड के हालात से उबर गया है। जिस वजह से संसदीय समिति ने वरिष्ठ नागरिकों की श्रेणी में आने वाले यात्रियों को वापस से कोविड से पहले मिलने वाली छूट देने की सिफारिश की है। समिति ने यह भी सिफारिश की है कि वरिष्ठ नागरिकों को कम से कम स्लीपर और थर्ड एसी क्लास में इस छूट का लाभ दिया जाए।