Tomato Price Hike: टमाटर फिर हुआ 'लाल', दिल्ली में मदर डेयरी की दुकानों में बिक रहा 259 रुपये किलो

Tomato Price Hike: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में टमाटर की कीमतें एक बार फिर आसमान छू रही हैं। मदर डेयरी ने अपनी सफल खुदरा दुकानों पर बुधवार को टमाटर 259 रुपये प्रति किलो के भाव पर बेचा। टमाटर के प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण आपूर्ति बाधित होने से इसकी कीमतें एक महीने से अधिक समय से बढ़ी हुई हैं

अपडेटेड Aug 03, 2023 पर 2:37 PM
Story continues below Advertisement
Tomato Prices: टमाटर की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की जेब पर बड़ा असर डाला है

Tomato Price Hike: टमाटर की कीमतें एक बार फिर से बढ़ गई हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में टमाटर की कीमतें एक बार फिर आसमान छू रही हैं। मदर डेयरी ने अपनी सफल (Mother Dairy's Safal) खुदरा दुकानों पर बुधवार को टमाटर 259 रुपये प्रति किलो के भाव पर बेचा। टमाटर के प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण आपूर्ति बाधित होने से इसकी कीमतें एक महीने से अधिक समय से बढ़ी हुई हैं। केंद्र सरकार ने स्थिति को देखते हुए 14 जुलाई से रियायती दर पर टमाटर की बिक्री शुरू की। राष्ट्रीय राजधानी में खुदरा कीमतें हाल ही में कम होने लगी थीं, लेकिन कम आपूर्ति के कारण इनमें फिर से उछाल आ गया है।

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को टमाटर की खुदरा कीमत 203 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि मदर डेयरी की सफल खुदरा दुकानों पर इसकी कीमत 259 रुपये प्रति किलोग्राम रही। मदर डेयरी के प्रवक्ता ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, "मौसम के खराब होने के कारण पिछले दो महीने से देशभर में टमाटर की आपूर्ति प्रभावित हुई है। पिछले दो दिन में आजादपुर मंडी में टमाटर की आवक काफी कम हुई है। कम आपूर्ति के कारण थोक कीमतें तेजी से बढ़ी हैं, जिसका असर खुदरा कीमतों पर भी पड़ा है।"

एशिया की सबसे बड़ी फल और सब्जी थोक मंडी आजादपुर में टमाटर की थोक कीमतें बुधवार को गुणवत्ता के आधार पर 170-220 रुपये प्रति किलोग्राम रहीं। आजादपुर टमाटर एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कौशिक ने कहा, "पिछले तीन दिन में टमाटर की आवक कम हुई है क्योंकि भारी बारिश के कारण उत्पादक क्षेत्रों में फसल खराब हो गई है।"


उन्होंने बताया कि आजादपुर मंडी में बुधवार को टमाटर की केवल 15 प्रतिशत आपूर्ति हुई। कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से केवल छह छोटे ट्रकों में आपूर्ति की गई। इससे भी कीमतें बढ़ीं। कौशिक ने कहा कि आपूर्ति की स्थिति में अगले 10 दिन में सुधार की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें- Hijab Ban: मुंबई के कॉलेज में मुस्लिम छात्राओं के हिजाब और बुर्का पहनने पर बैन, हंगामे के बाद क्लास में मिली एंट्री

दिल्ली में उपभोक्ताओं को सरकार समर्थित ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) के माध्यम से केवल 70 रुपये प्रति किलोग्राम पर टमाटर मिल सकता है, जिसे बिना किसी डिलीवरी शुल्क के उनके दरवाजे तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा Paytm और MagicPin के जरिए एक उपभोक्ता अधिकतम 2 किलो तक टमाटर ऑर्डर कर सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।