Crypto stock crash: जिस स्ट्रैटजी से 2600% उछले क्रिप्टो स्टॉक, उसी से अब 86% वैल्यू क्रैश; समझिए पूरी मामला

Crypto stock crash: अमेरिका में डिजिटल एसेट ट्रेजरी (DAT) मॉडल अपनाकर कई क्रिप्टो स्टॉक्स 2600% तक उछल गए। लेकिन, अब ऐसे कई क्रिप्टो स्टॉक्स 86% तक टूट गए हैं। इस मॉडल के तहत ट्रंप परिवार समेत कई दिग्गजों ने निवेश किया। जानिए अब क्यों दबाव में है ये सेक्टर।

अपडेटेड Dec 07, 2025 पर 5:00 PM
Story continues below Advertisement
Strategy Inc और दूसरी DAT कंपनियों को अब निवेशकों से नया पैसा मिलना बहुत मुश्किल हो गया है।

Crypto stock crash: इस साल की शुरुआत में अमेरिकी स्टॉक मार्केट की सबसे सफल रणनीतियों में से एक समझा जाने वाला ट्रेड कुछ ही महीनों में सबसे खराब साबित हो गया। कई पब्लिक कंपनियों को लगा कि उन्होंने एक आसान फॉर्मूला ढूंढ लिया है। कंपनी के कैश से बिटकॉइन या अन्य डिजिटल टोकन खरीदो, और आपका शेयर प्राइस टोकन की असली कीमत से भी ज्यादा तेजी से बढ़ जाता है।

माइकल सेलर की प्लेबुक और DATs का ट्रेंड

यह आइडिया माइकल सेलर से आया, जिन्होंने अपनी कंपनी Strategy Inc. को एक तरह के पब्लिक बिटकॉइन होल्डिंग में बदल दिया। 2025 की पहली छमाही तक सौ से अधिक कंपनियों ने यही मॉडल अपनाया और खूब फायदा होता दिखा।


इन कंपनियों को डिजिटल एसेट ट्रेजरीज (DATs) कहा जाने लगा। इनके शेयरों में भारी उछाल आया। बड़े नाम इस ट्रेंड में शामिल हो गए, दिग्गज निवेशक पीटर थिल से लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का परिवार तक।

कुछ कंपनियों में हैरतंगेज उछाल

SharpLink Gaming Inc. जैसा एक उदाहरण है, जिसके शेयर कुछ ही दिनों में 2,600% उछल गए। जब कंपनी ने घोषणा की कि वह अपना गेमिंग बिजनेस छोड़कर एथेरियम खरीदने पर ध्यान देगी और उसके बोर्ड में एथेरियम के को-फाउंडर को शामिल किया जाएगा।

लेकिन शुरू से ही यह सवाल था, सिर्फ इसलिए किसी टोकन की कीमत क्यों बढ़े कि उसे कोई पब्लिक कंपनी होल्ड कर रही है? यहीं से परेशानी शुरू हुई। धीरे-धीरे पूरी रणनीति हिलने लगी। पहले धीमी रफ्तार से, फिर बहुत तेजी से।

शार्पलिंक, ग्रीनलेन जैसे स्टॉक्स में भारी गिरावट

SharpLink का शेयर अब अपने पीक लेवल से 86% टूट चुका है। कंपनी की कीमत उसकी एथेरियम होल्डिंग से भी कम हो गई है। Greenlane Holdings जैसी कंपनियों की हालत तो और खराब रही। उनके शेयर इस साल 99% टूट गए, जबकि उनके पास लगभग 48 मिलियन डॉलर के BERA टोकन थे।

B. Riley Securities के एनालिस्ट फेडोर शाबालिन के मुताबिक, 'निवेशकों को समझ आया कि ये होल्डिंग्स कोई यील्ड नहीं देतीं। बस पैसे पड़े रहते हैं। इसलिए वे पीछे हट गए।'

DATs में मिड-लेक क्रैश: 43% की मीडियन गिरावट

Bloomberg के आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका और कनाडा में लिस्ट DAT कंपनियों के शेयरों में इस साल मीडियन 43% की गिरावट आई है। इसकी तुलना में बिटकॉइन केवल 6% नीचे है।

कुछ DAT अभी भी अपनी होल्डिंग्स से ज्यादा वैल्यू पर ट्रेड कर रहे हैं। लेकिन, ज्यादातर निवेशकों को भारी नुकसान दे रहे हैं। 70% DAT साल की शुरुआत से नीचे ट्रेड कर रहे हैं। सबसे बुरे नतीजे उन DATs के रहे, जिन्होंने बिटकॉइन की बजाय छोटे और ज्यादा अस्थिर टोकन खरीदे।

ट्रंप परिवार से जुड़े DAT में भी भारी गिरावट

ट्रंप परिवार के दो सदस्यों ने Alt5 Sigma Corp. को सपोर्ट दिया, जिसने WLFI टोकन के एक अरब डॉलर से ज्यादा खरीदने की योजना बनाई थी। इस कंपनी के शेयर जून के बाद से करीब 86% गिर चुके हैं। क्रिप्टो खरीद के लिए लिया गया भारी कर्ज अब बोझ बन रहा है

DATs ने बड़े पैमाने पर कर्ज लेकर क्रिप्टो खरीदारी की। Strategy ने कन्वर्टिबल बॉन्ड और प्रेफरेंस शेयर जैसे कई वित्तीय साधनों के जरिये पैसा जुटाया। एक समय उसकी बिटकॉइन होल्डिंग्स 70 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई थी। कुल मिलाकर, DAT कंपनियों ने इस साल 45 बिलियन डॉलर से ज्यादा क्रिप्टो खरीदने के लिए जुटाए। लेकिन अब समस्या यह है कि इन कर्जों पर ब्याज और डिविडेंड चुकाने का दबाव है। जबकि क्रिप्टो एसेट कैश फ्लो पैदा नहीं करते।

RIA Advisors के पोर्टफोलियो मैनेजर माइकल लेबोविट्ज का कहना है कि DAT कंपनियों में निवेश करना सिर्फ बिटकॉइन पर दांव लगाना नहीं है। इसके साथ आप कंपनी का कर्ज, उसकी वित्तीय हालत, प्रबंधन की गलतियों और ऑपरेशनल दिक्कतों का जोखिम भी उठाते हैं। यानी आपका रिस्क सिर्फ क्रिप्टो नहीं, बल्कि बिटकॉइन + कर्ज + कंपनी की कमजोरियों- तीनों का मिलाजुला पैकेज होता है।

Strategy का और कर्ज जुटाने का संघर्ष

Strategy Inc और दूसरी DAT कंपनियों को अब निवेशकों से नया पैसा मिलना बहुत मुश्किल हो गया है। कंपनी ने पहले अमेरिका में प्रेफरेंस शेयर बेचकर फंड जुटाने की कोशिश की, लेकिन ज्यादा खरीदार नहीं मिले। फिर यूरोप में डिस्काउंट देकर शेयर बेचे, लेकिन वहां भी निवेशकों ने भरोसा नहीं दिखाया। क्योंकि वे शेयर लॉन्च होते ही अपने ऑफर प्राइस से नीचे गिर गए।

दूसरी छोटी DAT कंपनियों की हालत तो और खराब है। क्रिप्टो की कीमतें गिर रही हैं, निवेशकों का भरोसा टूट रहा है, इसलिए उन्हें फंड जुटाने का मौका लगभग नहीं मिल पा रहा। यानी पूरे DAT सेक्टर में कैपिटल की किल्लत खड़ी हो गई है।

Strategy के फैसले से क्रिप्टो इंडस्ट्री में हड़कंप

Strategy के CEO फोंग ली ने कहा है कि कंपनी जरूरत पड़ने पर बिटकॉइन बेचकर डिविडेंड पेमेंट कर सकती है। उनका कहना है कि यह कदम तब उठाया जाएगा, जब कंपनी का mNAV एक से नीचे चला जाए। यानी कंपनी की मार्केट वैल्यू उसकी क्रिप्टो होल्डिंग से कम हो जाए।

यह बयान इसलिए बड़ा झटका बना क्योंकि माइकल सेलर पहले कई बार कह चुके थे कि किडनी बेच दो, लेकिन बिटकॉइन मत बेचना। अब डर यह है कि DATs अगर मजबूरी में क्रिप्टो बेचने लगे, तो टोकन की कीमत और गिर सकती है। इससे एक डाउनवर्ड स्पाइरल बन सकती है।

बाजार पर व्यापक असर का खतरा

अगर ट्रेडर्स ने DATs में लीवरेज्ड पोजीशन ली हैं, तो DATs की गिरावट उन्हें मजबूर कर सकती है कि वे पोजीशन बेचकर मार्जिन कॉल भरें। इससे ब्रॉडर मार्केट पर भी असर पड़ सकता है।

फिलहाल नए DATs बनने का सिलसिला लगभग थम गया है। पहले जैसा IPO और मार्केट एक्टिविटी का उछाल भी खत्म हो गया है।

DAT इंडस्ट्री में कंसोलिडेशन की तैयारी

कुछ संकेत मिल रहे हैं कि बड़े DAT छोटे DATs को खरीदकर इंडस्ट्री में कंसोलिडेशन करेंगे। क्योंकि कई छोटे DAT अब अपनी होल्डिंग्स से भी कम वैल्यू पर मिल रहे हैं।

अमेरिकी नेता और उद्यमी विवेक रामास्वामी भी एक DAT Strive Inc के को-फाउंडर रहे हैं। इसने Semler Scientific Inc. को पूरी तरह स्टॉक डील में खरीदने पर सहमति दी। Semler शुरुआती DATs में से एक था और इस साल 65% गिर चुका है। एक्सपर्ट का कहना है कि 2026 की शुरुआत में DATs के बीच मर्जर एंड एक्विजिशन बढ़ेंगे। क्योंकि आगे और गिरावट की संभावना बनी हुई है।

Netflix-Warner Bros. Deal: टूटा सौदा तो नेटफ्लिक्स को देने होंगे $5.8 अरब, वार्नर ब्रदर्स के लिए $2.8 अरब रिवर्स ब्रेकअप फीस

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।