Fraud:रक्षाबंधन के त्योहार में कुछ ही दिन बचे हैं। त्योहार पर कई भाई-बहन राखी और गिफ्ट्स की डिलीवरी कराते हैं। लेकिन इस डिलीवरी के नाम पर आपके साथ ठगी न हो जाए। राखी के पर्व की तैयारी पूरे देश में जोर-शोर से चल रही है। भाई-बहन के इस खास त्यौहार को मनाने के लिए सभी लोग गिफ्ट्स और राखियों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। लेकिन इस बार रक्षाबंधन की खुशियों को साइबर ठगों की नजर लग सकती है। दरअसल, कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां लोगों से राखी के नाम पर साइबर ठग की गई है। वह कई लोगों को नए तरीके से साइबर ठगी का शिकार बना चुके हैं।
साइबर ठग इस बार इंडिया पोस्ट के नाम से मैसेज भेजकर लोगों को धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं। इस ठगी में लोगों के पास एक SMS आता है, जिसमें लिखा होता है कि उनका एक पार्सल आया है। उस पार्सल में अधूरा या गलत एड्रेस के कारण आ रही दिक्कतों के बारे में कहा जाता है। उस मैसेज पर आए लिंक पर क्लिक करके एड्रेस को ठीक करने की बात कही जाती है।
जैसे ही लोग इस लिंक पर क्लिक करते हैं, तो वे अपना फोन हैक करवा देते हैं। कई बार रीडिलीवरी के नाम पर 20 से 25 रुपये मांगे जाते हैं। इस छोटी रकम की वजह से लोग अक्सर बिना सोचे-समझे अपने डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड की जानकारी दे देते हैं। इस प्रोसेस में ठगों के पास आपकी कार्ड डिटेल आ जाती है। वह इसका इस्तेमाल करके आपको ही ठग लते हैं।
रक्षाबंधन के त्यौहार पर साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं और इंडिया पोस्ट के नाम पर लोगों को धोखा दे रहे हैं। ठग फर्जी मैसेज भेजकर लोगों को लिंक पर क्लिक करने के लिए प्रेरित करते हैं, जिससे उनके बैंक डिटेल्स चोरी हो सकते हैं। ऐसी ठगी से बचने के लिए किसी भी अंजान लिंक पर क्लिक न करें, और किसी भी व्यक्तिगत जानकारी को शेयर करने से पहले जांच ले। यदि आप साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं, तो तुरंत 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं। सतर्क रहें और अपने परिवार को भी सुरक्षित रखें।