EPF Interest Rate: आपके PF खाते में आया या नहीं 8.25% ब्याज? घर बैठे ऐसे करें चेक

EPFO ने 2025-26 के लिए 8.25% ब्याज दर बरकरार रखी है। अगर आप जानना चाहते हैं कि आपके PF खाते में ब्याज जमा हुआ या नहीं, तो UAN, पासबुक, UMANG ऐप और दूसरे तरीकों से इसे आसानी से चेक कर सकते हैं। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Jun 24, 2026 पर 3:36 PM
जब EPFO आपके खाते में सालाना ब्याज जमा करता है, तो उसकी एंट्री PF पासबुक में दिखाई देने लगती है।

EPF Interest Rate: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए EPF पर ब्याज दर 8.25% ही रखी है। अब लाखों नौकरीपेशा लोगों को इंतजार है कि उनके PF खाते में यह ब्याज कब दिखाई देगा। जैसे ही ब्याज जमा होने की प्रक्रिया शुरू होती है, कई लोग बार-बार अपना बैलेंस चेक करने लगते हैं कि पैसा आया या नहीं।

ध्यान रखने वाली बात यह है कि EPF का ब्याज साल में एक बार खाते में जमा होता है, लेकिन इसकी गणना पूरे साल हर महीने के बैलेंस के आधार पर की जाती है। इसलिए अगर ब्याज की एंट्री तुरंत दिखाई नहीं देती, तब भी घबराने की जरूरत नहीं है।

कैसे पता करें कि ब्याज जमा हुआ या नहीं?


जब EPFO आपके खाते में सालाना ब्याज जमा करता है, तो उसकी एंट्री PF पासबुक में दिखाई देने लगती है। इसके लिए आप कई सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।

आप EPFO Member e-Sewa Portal, UMANG ऐप, मिस्ड कॉल सेवा और SMS सेवा के जरिए अपने खाते की जानकारी देख सकते हैं। इसके अलावा Passbook Lite फीचर भी उपलब्ध है, जहां बैलेंस, हालिया योगदान और निकासी की जानकारी आसानी से मिल जाती है।

ऐसे चेक करें अपना PF बैलेंस

  • सबसे पहले EPFO के Member Passbook Portal पर जाएं। यहां अपना 12 अंकों का UAN, पासवर्ड और कैप्चा डालकर लॉगिन करें।
  • इसके बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर OTP आएगा। OTP वेरिफाई करने के बाद View सेक्शन में जाएं और Passbook Lite चुनें।
  • अब अपने खाते की लेटेस्ट एंट्री देखें। अगर ब्याज जमा हो चुका है, तो वहां संबंधित वित्त वर्ष के लिए ब्याज की एंट्री और अपडेटेड बैलेंस दिखाई देगा।

सिर्फ ब्याज नहीं, हर महीने का PF भी चेक करें

कई कर्मचारी सिर्फ सालाना ब्याज पर ध्यान देते हैं, जबकि हर महीने जमा होने वाले PF योगदान पर नजर रखना भी उतना ही जरूरी है।

EPF नियमों के मुताबिक, नियोक्ता को वेतन माह खत्म होने के 15 दिनों के भीतर कर्मचारी और कंपनी दोनों का योगदान PF खाते में जमा करना होता है।

आप EPFO पोर्टल या UMANG ऐप के जरिए यह आसानी से देख सकते हैं कि आपकी सैलरी से कटने वाला PF सही समय पर खाते में जमा हो रहा है या नहीं।

ब्याज नहीं दिख रहा तो क्या करें?

अगर आपकी सैलरी से PF कट रहा है, लेकिन खाते में योगदान नहीं दिख रहा, तो सबसे पहले अपनी कंपनी या नियोक्ता से बात करें।

अगर वहां से समस्या का समाधान नहीं होता, तो आप EPFiGMS (EPF Grievance Management System) के जरिए शिकायत दर्ज कर सकते हैं। यह EPFO का आधिकारिक शिकायत निवारण प्लेटफॉर्म है, जहां PF योगदान, निकासी, ट्रांसफर और खाते से जुड़ी दूसरी समस्याओं की शिकायत की जा सकती है।

क्या देर से ब्याज दिखने पर नुकसान होगा?

इस सवाल को लेकर अक्सर कर्मचारियों में चिंता रहती है। लेकिन EPFO के नियम साफ हैं कि ब्याज की एंट्री देर से दिखाई देने पर भी सदस्य का कोई नुकसान नहीं होता।

EPF Scheme 1952 के पैरा 60 के मुताबिक, ब्याज पूरे साल के मंथली रनिंग बैलेंस पर कैलकुलेट किया जाता है। यानी पासबुक में एंट्री देर से दिखने का मतलब यह नहीं है कि आपका ब्याज कम हो गया है।

EPFO भी कई बार साफ कर चुका है कि ब्याज जमा होने में तकनीकी देरी हो सकती है, लेकिन सदस्य को उसकी पात्र अवधि का पूरा ब्याज मिलता है।

ITR Filing 2026: विदेशी शेयर, बैंक अकाउंट या आय छिपाई तो लग सकता है ₹10 लाख तक का जुर्माना

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।