अब WhatsApp पर चेक करें PF बैलेंस, डाउनलोड करें पासबुक, यहां जानिए पूरा तरीका
EPFO ने यह सुविधा 1 नवंबर को अपने स्थापना दिवस के मौके पर शुरू कर दी है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने इसकी शुरुआत की। EPFO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी है
यह सेवा अंग्रेजी के अलावा हिंदी, मराठी, तमिल, तेलुगु, बंगाली, गुजराती और उर्दू समेत कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है।
प्रोविडेंट फंड (पीएफ) अकाउंट का बैलेंस चेक करना अब काफी आसान हो गया है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने अपने सदस्यों के लिए व्हाट्सअप पर कई जरूरी सेवाएं शुरू की हैं। सब्सक्राइबर्स बिना ईपीएफओ की वेबसाइट पर गए अपने पीएफ में जमा पैसे की जानकारी हासिल कर सकते हैं।
इस सुविधा के तहत सब्सक्राइबर्स अपना EPF बैलेंस चेक करने के अलावा पिछले पांच ट्रांजैक्शन की जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा WhatsApp के जरिए EPF पासबुक भी डाउनलोड की जा सकती है।
EPFO ने यह सुविधा 1 नवंबर को अपने स्थापना दिवस के मौके पर शुरू कर दी है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने इसकी शुरुआत की। EPFO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी है। उसने पोस्ट में कहा है यह डिजिटल सेवाओं को सदस्यों के लिए ज्यादा आसान और सुलभ बनाने की दिशा में एक और कदम है।
EPFO का आधिकारिक WhatsApp नंबर क्या है?
EPFO ने इस सुविधा के लिए एक विशेष WhatsApp नंबर जारी किया है।
WhatsApp नंबर: +91 8796441800
इस नंबर पर WhatsApp के जरिए Hi मैसेज भेजकर सेवा का इस्तेमाल शुरू किया जा सकता है। EPFO की ओर से जारी QR कोड स्कैन करके भी इस चैट तक पहुंचा जा सकता है।
यह सेवा अंग्रेजी के अलावा हिंदी, मराठी, तमिल, तेलुगु, बंगाली, गुजराती और उर्दू समेत कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है।
सुरक्षा के लिए सदस्यों को अपने यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मिलने वाले वन टाइम पासवर्ड (OTP) के जरिए पहचान सत्यापित करनी होगी।
WhatsApp पर PF बैलेंस कैसे चेक करें?
अगर आप WhatsApp के जरिए अपने PF अकाउंट का बैलेंस जानना चाहते हैं तो इन स्टेप्स को फॉलो करें:
सबसे पहले अपने फोन में EPFO का आधिकारिक WhatsApp नंबर +91 8796441800 सेव करें।
WhatsApp खोलकर इस नंबर पर चैट शुरू करें।
अब Hi लिखकर मैसेज भेजें।
स्वागत संदेश मिलने के बाद अपनी पसंदीदा भाषा चुनें।
उपलब्ध विकल्पों में से Check Balance को सिलेक्ट करें।
आपके UAN से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा। इसे दर्ज करके पहचान सत्यापित करें।
अगर आपके UAN से एक से ज्यादा PF अकाउंट जुड़े हैं तो संबंधित PF अकाउंट या Member ID चुनें।
इसके बाद आपके PF बैलेंस की जानकारी WhatsApp चैट में दिखाई देगी।
WhatsApp से EPF पासबुक कैसे डाउनलोड करें?
EPFO की इस सुविधा के जरिए कर्मचारी अपनी PF पासबुक की PDF भी डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए ये स्टेप्स अपनाएं:
EPFO के आधिकारिक WhatsApp नंबर पर चैट खोलें।
Hi मैसेज भेजें और जरूरत पड़ने पर अपनी पसंदीदा भाषा चुनें।
मेन्यू में Download Passbook का विकल्प चुनें।
अगर OTP मांगा जाए तो मोबाइल पर प्राप्त OTP दर्ज करें।
संबंधित PF अकाउंट या Member ID चुनें।
इसके बाद आपको WhatsApp चैट में पासबुक की PDF मिलेगी, जिसे डाउनलोड कर सकते हैं।
WhatsApp पर PF के पिछले 5 ट्रांजैक्शन कैसे देखें?
अगर आप अपने PF अकाउंट में हाल के ट्रांजैक्शन की जानकारी चाहते हैं तो इसके लिए भी EPFO ने विकल्प दिया है।
EPFO के आधिकारिक WhatsApp नंबर पर Hi मैसेज भेजें।
उपलब्ध मेन्यू में Last 5 Transactions का विकल्प चुनें।
OTP के जरिए अपनी पहचान सत्यापित करें।
अगर एक से ज्यादा PF अकाउंट हैं तो संबंधित Member ID चुनें।
इसके बाद आपके अकाउंट के पिछले पांच ट्रांजैक्शन की जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी।
इन बातों का रखें ध्यान
OTP उसी मोबाइल नंबर पर आएगा जो आपके UAN से रजिस्टर्ड है।
एक से ज्यादा PF अकाउंट होने पर सही Member ID चुनना जरूरी है।
केवल EPFO के आधिकारिक WhatsApp नंबर +91 8796441800 का ही इस्तेमाल करें।
अपना OTP किसी दूसरे व्यक्ति के साथ साझा न करें।
इस नई सुविधा से EPFO सदस्यों को PF बैलेंस चेक करने, पासबुक डाउनलोड करने और ट्रांजैक्शन की जानकारी हासिल करने के लिए वेबसाइट या अलग-अलग डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जाने की जरूरत कम होगी।