EPFO Interest Credit: आपके PF अकाउंट में कितना आएगा ब्याज? समझिए पूरा कैलकुलेशन
EPFO Interest Credit: EPFO जल्द ही 8.25% ब्याज कर्मचारियों के PF खातों में जमा करना शुरू कर सकता है। अगर आपके खाते में 1 लाख, 5 लाख, 10 लाख या 20 लाख रुपये हैं, तो जानिए आपको कितना ब्याज मिलेगा और कुल बैलेंस कितना हो जाएगा।
PF ब्याज की गणना पूरे साल के बैलेंस के आधार पर की जाती है और फिर साल के अंत में एक साथ खाते में क्रेडिट किया जाता है।
EPFO Interest Credit: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कर्मचारियों के खाते में ब्याज के पैसे क्रेडिट करना जल्द शुरू कर सकता है। इस बार के लिए भी ब्याज दर 8.25% ही तय की गई है। इस ब्याज के क्रेडिट होने के बाद कर्मचारियों की बचत में और इजाफा हो जाएगा।
अब सवाल है कि आखिर आपके खाते में कितना पैसा आने वाला है। इसका जवाब पूरी तरह आपके मौजूदा PF बैलेंस पर निर्भर करता है।
PF अकाउंट में ब्याज कैसे जुड़ता है?
कई लोगों को लगता है कि EPFO हर महीने ब्याज जोड़ता है, लेकिन ऐसा नहीं है। ब्याज की गणना पूरे साल के बैलेंस के आधार पर की जाती है और फिर साल के अंत में एक साथ खाते में क्रेडिट किया जाता है।
यही वजह है कि जब ब्याज जमा होता है, तो कई कर्मचारियों के खाते में एक साथ अच्छी-खासी रकम जुड़ जाती है।
आपके खाते में कितना बैलेंस आएगा?
1 लाख रुपये बैलेंस : अगर आपके EPF खाते में 1 लाख रुपये जमा हैं, तो 8.25% ब्याज दर के हिसाब से आपको 8,250 रुपये ब्याज मिलेगा। यानी ब्याज जुड़ने के बाद आपका कुल बैलेंस 1,08,250 रुपये हो जाएगा।
5 लाख रुपये बैलेंस : अगर आपके PF खाते में 5 लाख रुपये हैं, तो आपको 41,250 रुपये ब्याज मिलेगा। इस तरह आपका कुल बैलेंस बढ़कर 5,41,250 रुपये हो जाएगा।
10 लाख रुपये बैलेंस : 10 लाख रुपये का बैलेंस रखने वाले कर्मचारियों को 82,500 रुपये ब्याज मिल सकता है। ब्याज जुड़ने के बाद खाते में कुल रकम 10,82,500 रुपये हो जाएगी।
20 लाख रुपये बैलेंस : अगर आपके EPF खाते में 20 लाख रुपये जमा हैं, तो 8.25% के हिसाब से 1,65,000 रुपये ब्याज मिलेगा। यानी कुल बैलेंस बढ़कर 21,65,000 रुपये हो जाएगा।
खाते में ब्याज आया या नहीं, कैसे चेक करें?
PF खाते का बैलेंस चेक करना काफी आसान है। आप उमंग ऐप, EPFO पोर्टल, मिस्ड कॉल और SMS सेवा के जरिए अपने खाते की जानकारी देख सकते हैं।
ध्यान रखने वाली बात यह है कि EPFO सभी खातों में एक साथ ब्याज जमा नहीं करता। इसलिए अगर किसी दूसरे व्यक्ति के खाते में ब्याज दिख गया है और आपके खाते में अभी नहीं दिख रहा, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कई बार पूरी प्रक्रिया में कुछ दिन या कुछ हफ्तों का समय लग सकता है।
PF नौकरीपेशा लोगों का सबसे बड़ा सहारा?
नौकरीपेशा लोगों के लिए PF सिर्फ एक बचत योजना नहीं, बल्कि रिटायरमेंट फंड की तरह काम करता है। हर महीने कर्मचारी और कंपनी दोनों का योगदान इसमें जमा होता है। इसके ऊपर मिलने वाला ब्याज लंबे समय में रकम को तेजी से बढ़ाता है।
यही कारण है कि कई कर्मचारियों के लिए रिटायरमेंट के समय सबसे बड़ा फंड PF से ही बनता है। 8.25% की ब्याज दर आज भी कई बैंक FD के मुकाबले आकर्षक मानी जाती है, इसलिए PF को लंबे समय की बचत के लिए मजबूत विकल्प माना जाता है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।