EPFO Portal Closed: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करोड़ों सब्सक्राइबर्स के लिए एक बेहद जरूरी खबर है। अगर आप अपने PF खाते से पैसे निकालने, ट्रांसफर करने या एडवांस क्लेम करने की सोच रहे हैं, तो आपके पास आज ही का समय है। EPFO ने घोषणा की है कि सिस्टम माइग्रेशन और डेटाबेस अपग्रेडेशन के चलते उसका ऑनलाइन क्लेम प्रोसेसिंग पोर्टल लगातार 3 दिनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।
इस दौरान पीएफ से जुड़ी कई अहम डिजिटल सेवाएं अस्थायी रूप से ठप रहेंगी। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि पोर्टल कब से कब तक बंद रहेगा और इससे आपकी किन-किन सेवाओं पर असर पड़ने वाला है।
कब से कब तक बंद रहेगा EPFO पोर्टल?
EPFO के सदस्य पोर्टल पर जारी आधिकारिक नोटिस के मुताबिक, कल 26 जून 2026 को रात 00:00 बजे यानी आज 25 जून की आधी रात से पोर्टल की सेवाएं बंद हो जाएंगी। यह शटडाउन 28 जून 2026 को रात 23:59 बजे तक जारी रहेगा। फिर पोर्टल पर सभी ऑनलाइन सेवाएं 29 जून 2026, सोमवार को सुबह 00:00 बजे से दोबारा सामान्य रूप से काम करना शुरू कर देंगी।
क्यों बंद किया जा रहा है पोर्टल?
ईपीएफओ ने बताया है कि यह आउटेज एक प्लान्ड डेटाबेस कंसोलिडेशन और सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन अपग्रेडेशन का हिस्सा है। इस शेड्यूल्ड सिस्टम माइग्रेशन का उद्देश्य लंबे समय में क्लेम प्रोसेसिंग की स्पीड को बढ़ाना, इसे अधिक सुरक्षित बनाना और यूजर्स को पहले से बेहतर अनुभव देना है। इस अस्थाई असुविधा के लिए संगठन ने खेद जताया है।
EPF सब्सक्राइबर्स पर क्या पड़ेगा असर?
इस 3 दिनों के शटडाउन के दौरान ईपीएफओ की वेबसाइट पर ये सेवाएं प्रभावित होंगी:
नया क्लेम नहीं होगा सबमिट: शटडाउन विंडो (26 से 28 जून) के दौरान सब्सक्राइबर्स पोर्टल पर किसी भी नए ऑनलाइन क्लेम जैसे- पीएफ विड्रॉल, एडवांस पीएफ या ट्रांसफर के लिए रिक्वेस्ट सबमिट नहीं कर पाएंगे।
रुक जाएगी प्रोसेसिंग: जो क्लेम पहले से प्रोसेस हो रहे हैं, उनका काम भी इस दौरान अस्थायी रूप से रुक जाएगा।
पहले से पेंडिंग क्लेम: जिन लोगों ने माइग्रेशन शुरू होने से पहले ही अपने क्लेम फाइल कर दिए हैं, उनके आवेदनों पर भी अब 29 जून को सेवाएं बहाल होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर: अगर आपको इस दौरान पीएफ खाते से जुड़ी कोई बेहद जरूरी जानकारी या सहायता चाहिए, तो आप EPFO के कॉल सेंटर हेल्पलाइन नंबर 14470 पर संपर्क कर सकते हैं।
जल्द शुरू हो सकती है UPI और ATM से PF निकालने की सुविधा!
इस सिस्टम अपग्रेडेशन के पीछे एक बड़ी और अच्छी खबर भी छिपी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईपीएफओ इस महीने के अंत से पहले अपने सब्सक्राइबर्स के लिए UPI और ATM के जरिए पीएफ निकालने की सुविधा शुरू करने की तैयारी में है। इस बड़े बदलाव के बाद पीएफ का भारी-भरकम कागजी काम पूरी तरह खत्म हो जाएगा।
ईपीएफओ एक डेडिकेटेड ऐप पर काम कर रहा है, जो सीधे आपके बैंक खाते से लिंक होगा और BHIM समेत अन्य प्रमुख यूपीआई प्लेटफॉर्म के साथ मिलकर काम करेगा।
इस सुविधा के एक्टिवेट होने के बाद सब्सक्राइबर्स अपने पीएफ बैलेंस का 75 फीसदी तक हिस्सा तुरंत निकाल सकेंगे, ठीक वैसे ही जैसे आप अपने किसी दोस्त को यूपीआई से पैसे ट्रांसफर करते हैं या एटीएम से कैश निकालते हैं। यह सिस्टम माइग्रेशन इसी शानदार सुविधा को शुरू करने की तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।