अगर आपने PF से पैसा निकालने की कोशिश की है और क्लेम रिजेक्ट हो गया है, तो इसकी सबसे बड़ी वजह आपकी KYC डिटेल में गड़बड़ी हो सकती है। कई बार नाम, जन्मतिथि या जेंडर में छोटी सी गलती भी पूरे पैसे को अटका देती है। अच्छी बात यह है कि अब आप ये सारी गलतियां घर बैठे ऑनलाइन ही ठीक कर सकते हैं। वो भी बिना किसी फॉर्म या ऑफिस के चक्कर लगाए।
दरअसल, EPFO किसी भी PF क्लेम को प्रोसेस करने से पहले आपकी डिटेल्स को आधार (Aadhaar) से मैच करता है। अगर नाम, DOB या जेंडर में थोड़ा भी अंतर होता है, तो आपका क्लेम रिजेक्ट हो सकता है। इसलिए समय रहते KYC अपडेट करना जरूरी है।
कैसे करें ऑनलाइन KYC अपडेट?
आप सिर्फ 5 आसान स्टेप में अपनी जानकारी ठीक कर सकते हैं:
UAN Member Portal पर अपने UAN और पासवर्ड से लॉगिन करें।
Manage सेक्शन में जाकर Modify Basic Details पर क्लिक करें।
अपना सही नाम, जन्मतिथि या जेंडर भरें, जैसा आधार में है।
Update Details पर क्लिक करें, इसके बाद स्टेटस Pending for Employer Approval दिखेगा।
आपका नियोक्ता (Employer) इसे ऑनलाइन अप्रूव करेगा और आपकी डिटेल अपडेट हो जाएगी।
बैंक डिटेल खुद भी अपडेट कर सकते हैं
अगर आपको बैंक अकाउंट या IFSC कोड बदलना है, तो इसके लिए एम्प्लॉयर की मंजूरी जरूरी नहीं होती। आप Manage KYC सेक्शन में जाकर इसे खुद अपडेट कर सकते हैं, बशर्ते आपका UAN एक्टिव हो और आधार लिंक हो।
अपडेट से पहले इन बातों का रखें ध्यान
आपका आधार UAN से लिंक होना चाहिए।
जरूरी डॉक्यूमेंट (आधार, PAN, बैंक पासबुक) तैयार रखें।
KYC स्टेटस को पोर्टल पर ट्रैक करते रहें।
ऑनलाइन PF निकालने के लिए KYC पूरी तरह वेरिफाइड होना जरूरी है। इसके लिए एक्टिव UAN, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर, बैंक अकाउंट और PAN लिंक होना चाहिए। अगर PAN लिंक नहीं है, तो 5 साल से कम नौकरी पर 30% TDS भी कट सकता है।