EPS-95 पेंशनर्स के लिए बड़ी राहत! घर बैठे जमा होगा लाइफ सर्टिफिकेट, बस इस नंबर पर करें कॉल

EPS-95: अगर आप EPS-95 पेंशनर हैं और उम्र या बीमारी की वजह से लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के लिए बाहर नहीं जा पा रहे हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है। अब सिर्फ एक फोन कॉल पर डाक विभाग का कर्मचारी आपके घर पहुंचेगा और लाइफ सर्टिफिकेट जमा कराने में मदद करेगा

अपडेटेड May 29, 2026 पर 3:47 PM
अगर आप EPS-95 पेंशनर हैं और उम्र या बीमारी की वजह से लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के लिए बाहर नहीं जा पा रहे हैं।

EPS-95: अगर आप EPS-95 पेंशनर हैं और उम्र या बीमारी की वजह से लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के लिए बाहर नहीं जा पा रहे हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है। अब सिर्फ एक फोन कॉल पर डाक विभाग का कर्मचारी आपके घर पहुंचेगा और लाइफ सर्टिफिकेट जमा कराने में मदद करेगा। इससे आपकी पेंशन बिना किसी रुकावट के मिलती रहेगी और आपको कहीं आने-जाने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

EPS-95 पेंशन पाने वाले बुजुर्ग अगर किसी कारण से वह अपना लाइफ सर्टिफिकेट (Life Certificate) जमा नहीं कर पा रहे हैं, तो अब उन्हें दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। डाक विभाग की मदद से यह काम घर बैठे मुफ्त में कराया जा सकेगा।

एक कॉल पर घर पहुंचेगा डाक कर्मचारी


कर्मचारी पेंशन योजना (EPS)-95 के तहत पेंशन पाने वाले लोग अगर लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने में असमर्थ हैं, तो वे 033-22029000 पर कॉल कर सकते हैं। इसके बाद डाक विभाग का कर्मचारी उनके घर पहुंचकर लाइफ सर्टिफिकेट जमा कराने की प्रक्रिया पूरी करेगा। इस सुविधा के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

क्यों जरूरी है लाइफ सर्टिफिकेट?

EPS-95 के नियमों के मुताबिक, पेंशन जारी रखने के लिए हर पेंशनर को साल में एक बार लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना जरूरी होता है। इससे यह पुष्टि होती है कि पेंशन पाने वाला व्यक्ति जीवित है और उसे आगे भी पेंशन मिलती रहनी चाहिए। अगर समय पर लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं किया जाता, तो पेंशन रुक सकती है।

क्या है डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट?

पेंशनर चाहें तो डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट यानी ‘जीवन प्रमाण’ भी जमा कर सकते हैं। यह आधार और बायोमेट्रिक पहचान पर आधारित एक डिजिटल दस्तावेज होता है, जो पेंशनर के जीवित होने की पुष्टि करता है। जीवन प्रमाण बनने के बाद पेंशनर अपने प्रमाण आईडी की मदद से इसे डाउनलोड भी कर सकते हैं।

कब तक जमा करना होता है सर्टिफिकेट?

हर EPS-95 पेंशनर को पिछली बार जमा किए गए लाइफ सर्टिफिकेट या जीवन प्रमाण की तारीख से एक साल के भीतर नया सर्टिफिकेट जमा करना होता है। ऐसा नहीं करने पर पेंशन पेमेंट पर असर हो सकता है।

कितनी मिलती है EPS-95 पेंशन?

EPS-95 के तहत न्यूनतम पेंशन 1,000 रुपये मंथली है। यह अमाउंट सदस्य पेंशनर, विधवा या विधुर, नामित व्यक्ति और आश्रित माता-पिता के लिए लागू होती है। वहीं बच्चों के लिए न्यूनतम पेंशन 250 रुपये और अनाथ पेंशनर्स के लिए 750 रुपये प्रति मंथली तय की गई है।

पेंशन फंड में कितना योगदान जाता है?

EPFO हर महीने कर्मचारी के वेतन से पेंशन के लिए योगदान जमा करता है। यह अमाउंट कर्मचारी के बेसिक वेतन और महंगाई भत्ते (DA) का 8.33% होती है। हालांकि इसकी अधिकतम सीमा 1,250 रुपये मंथली है।

बुजुर्गों को मिलेगी सुविधा

डाक विभाग की यह सुविधा खासतौर पर उन बुजुर्ग पेंशनर्स के लिए मददगार साबित होगी, जो उम्र, बीमारी या अन्य कारणों से बाहर जाकर लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं कर पाते। अब सिर्फ एक फोन कॉल से उनका जरूरी काम घर बैठे पूरा हो सकेगा और पेंशन भी बिना रुकावट मिलती रहेगी।

ITR नहीं भरा तो भी मिलेगा TDS का फायदा! टैक्स ट्रिब्यूनल ने टैक्सपेयर्स को दी बड़ी राहत

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।