FD Calculator: सरकारी बैंक इंडियन ओवरसीज बैंक (आईओबी) ने अपनी 444 दिन की स्पेशल फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम पर ब्याज दरें बढ़ा दी हैं। बैंक ने 3 करोड़ रुपये से कम की रिटेल टर्म डिपॉजिट पर ब्याज दर 15 बेसिस पॉइंट बढ़ाकर 6.75 फीसदी सालाना कर दी है। पहले इस अवधि की FD पर 6.60 फीसदी ब्याज मिल रहा था। नई ब्याज दरें 10 नवंबर 2026 से लागू हो गई हैं।
नॉन-कॉलेबल FD पर भी ब्याज दर बढ़ी
बैंक ने 444 दिन की नॉन-कॉलेबल FD पर भी ब्याज दर 10 बेसिस पॉइंट बढ़ाकर 6.85 फीसदी कर दी है। पहले इस पर 6.75 फीसदी ब्याज मिल रहा था। इसके अलावा, 444 दिन की NRE टर्म डिपॉजिट पर भी ब्याज दर 6.60 फीसदी से बढ़ाकर 6.75 फीसदी कर दी गई है। नॉन-कॉलेबल टर्म डिपॉजिट का मतलब ऐसी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) स्कीम से है, जिसमें निवेशक को तय अवधि पूरी होने से पहले पैसा निकालने की सुविधा नहीं मिलती। यानी FD मैच्योर होने तक आपका पैसा बैंक में लॉक रहता है।
सीनियर सिटीजन को मिलेगा 7.50% तक ब्याज
IOB की 444 दिन की FD पर सीनियर सिटीजन को सामान्य ब्याज दर के मुकाबले 0.50 फीसदी ज्यादा ब्याज मिलेगा। वहीं, 80 साल या इससे अधिक उम्र के सुपर सीनियर सिटीजन को 0.75 फीसदी अतिरिक्त ब्याज मिलेगा। इस हिसाब से 444 दिन की कॉलेबल FD पर सामान्य ग्राहकों को 6.75 फीसदी, सीनियर सिटीजन को 7.25 फीसदी और सुपर सीनियर सिटीजन को 7.50 फीसदी सालाना ब्याज मिलेगा।
नॉन-कॉलेबल FD पर कितना मिलेगा ब्याज?
बैंक ने 444 दिन की नॉन-कॉलेबल FD की ब्याज दर 6.75 फीसदी से बढ़ाकर 6.85 फीसदी कर दी है। इस पर सीनियर सिटीजन को 7.35 फीसदी और सुपर सीनियर सिटीजन को 7.60 फीसदी सालाना ब्याज मिलेगा। नॉन-कॉलेबल FD में समय से पहले पैसा निकालने की सुविधा नहीं होती या इस पर कड़ी शर्तें लागू होती हैं। इसलिए निवेश से पहले इसके नियमों को समझना जरूरी है।
बाकी FD की ब्याज दरों में बदलाव नहीं
Indian Overseas Bank ने स्पष्ट किया है कि 444 दिन की FD के अलावा अन्य अवधि की कॉलेबल, नॉन-कॉलेबल और NRE टर्म डिपॉजिट की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। NRO रिटेल टर्म डिपॉजिट की दरें भी पहले जैसी ही हैं। बैंक की टैक्स सेवर FD पर ब्याज दर 6.10 फीसदी सालाना बनी हुई है। वहीं, 3 करोड़ रुपये या इससे अधिक की बल्क डिपॉजिट पर ब्याज दरें बैंक अलग से तय करता है।
10 लाख रुपये डिपॉजिट पर होगी इतनी कमाई
इस स्कीम में 60 साल से कम उम्र के व्यक्ति को सालाना 6.75 फीसदी इंटरेस्ट मिलेगा। इसका मतलब है कि 10 लाख रुपये के निवेश पर उसे 92,671 रुपये का इंटरेस्ट मिलेगा। 444 दिन के बाद उसे कुल 10,92,671 रुपये मिलेंगे।
सीनियर सिटीजंस के लिए अब इंटरेस्ट रेट बढ़कर 7.25 फीसदी हो गया है। इसका मतलब है कि उसे इस स्कीम में 99,532 रुपये का इंटरेस्ट मिलेगा। मैच्योरिटी पर कुल 10,99,532 रुपये मिलेंगे। सुपर सीनियर सिटीजंस को 7.50 फीसदी इंटरेस्ट मिलेगा। इससे कुल इंटरेस्ट 1,03,000 रुपये बनेगा। मैच्योरिटी पर 11,03,000 रुपये मिलेंगे।