Gold Price: जेवर खरीदना है, तो कर लें थोड़ा इंतजार; जल्द ₹5,000 तक सस्ता हो सकता है सोना

Gold Price Fall: सोना ₹96,000 प्रति 10 ग्राम के पार है लेकिन जल्द 5,000 तक सस्ता हो सकता है। एक्सपर्ट का मानना है कि शादी-ब्याह के लिए जेवरात की खरीदारी से पहले कुछ दिन इंतजार करना फायदेमंद रहेगा, क्योंकि जल्द ही गोल्ड के दाम गिरने के आसार हैं। इसके पीछे दो बड़े कारण हैं।

अपडेटेड Apr 16, 2025 पर 7:02 PM
Story continues below Advertisement
अभी 24 कैरेट सोने का भाव ₹96,450 के आसपास है।

Gold Price Fall: पिछले कुछ महीनों के दौरान सोने के दाम (Gold Price) में बेतहाशा तेजी आई है। कमोडिटी एक्सचेंज MCX में बुधवार (16 अप्रैल) को गोल्ड फ्यूचर्स (Gold Futures) का दाम पहली बार ₹95,000 प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया। वहीं, All India Sarafa Association के मुताबिक, बुधवार (16 अप्रैल) को दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड का दाम ₹1,650 बढ़कर ₹96,450 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है।

सोने के भाव में तेजी शादी के सीजन के शुरुआत के साथ हो रही है। इस वक्त बहुत से लोग शादी-ब्याह के लिए जेवरात खरीदने के लिए सोच-विचार कर रहे हैं। ऐसे में उनकी समझ में नहीं आ रहा है कि उन्हें इसी भाव पर जेवर खरीद लेने चाहिए या सोने के सस्ता होने का इंतजार करना चाहिए। आइए जानते हैं कि आपको क्या करना चाहिए।

Gem & Jewellery exporters bank on India International Jewellery Show 2022 to sustain post-Covid growth


सोने के भाव पर क्या कह रहे एक्सपर्ट?

GJEPC के पूर्व चेयरमैन कॉलिन शाह के मुताबिक, सोने की कीमतों में तेजी से लोग जेवर खरीदने से बच रहे हैं। हालांकि, निवेश के लिए सोने की डिमांड बराबर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बाजार में अनिश्चितता का दौर अभी 6-9 महीने तक जारी रहने की आशंका है। इसलिए सोने पर निवेशकों का जोर बना रहेगा।

कॉलिन शाह का कहना है, 'गोल्ड प्राइस में आगे कम के कम 10% से 15% तेजी की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कीमतों में तेजी के बाद भी सोने की खरीदारी जारी रहेगी।'

कितना बढ़ सकता है सोने का भाव?

अभी 24 कैरेट सोने का भाव ₹96,450 के आसपास है। कॉलिन शाह के हिसाब से 10% से 15% तेजी की उम्मीद है। ऐसे में गोल्ड का रेट ₹1.06 लाख से ₹1.10 लाख प्रति 10 ग्राम तक भी जा सकता है।

वहीं, प्रतिष्ठित ब्रोकरेज फर्म Goldman Sachs ने 2025 के आखिर तक सोने के भाव में करीब 25% उछाल आने का अनुमान दिया है। इस हिसाब से गोल्ड का रेट ₹1.20 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है।

क्या सोने के भाव में गिरावट भी आएगी?

कई एक्सपर्ट का मानना है कि वैश्विक स्तर पर आर्थिक अनिश्चितता दूर होने पर सोने के दाम में तेज गिरावट आ सकती है। Morningstar (USA) में मार्केट स्ट्रैटजिस्ट जॉन मिल्स का तो अनुमान है कि सोने का भाव 40% तक क्रैश हो सकता है। इस हिसाब से भारत में गोल्ड प्राइस ₹55,000 प्रति 10 ग्राम के आसपास सकता है।

जॉन मिल्स जैसे एक्सपर्ट का मानना है कि गोल्ड की सप्लाई बढ़ने, मांग में गिरावट आने और वैश्विक अनिश्चितता दूर होने से सोने के भाव में बड़ी गिरावट आएगी।

Indian jewellers gear up for next festival as gold sales pick up pace

आपको गहना खरीदना चाहिए या इंतजार करें?

अगर आप शादी-ब्याह के लिए जेवरात खरीदने का इंतजार कर रहे हैं, तो आपको कुछ दिन रुक जाना चाहिए। केडिया फिनकॉर्प के फाउंडर नितिन केडिया का मानना है कि अगले 7 से 8 ट्रेडिंग सेशन में सोना 4-5 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो सकता है।

नितिन केडिया का कहना है कि सोना फिलहाल रिकॉर्ड ऊंचाई पर है और ऐसे में भारी मुनाफावसूली हो सकती है। साथ ही, उनका अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में अमेरिका और चीन के बीच भी कोई ट्रेड डील हो सकती है। क्योंकि मौजूदा टैरिफ वॉर में दोनों देशों का नुकसान हो रहा है, और यह स्थिति लंबे समय तक जारी नहीं रह सकती। जैसे ही चीन और अमेरिका के बीच ट्रेड डील होती है, सोने के दाम में बड़ी गिरावट आ सकती है।

यह भी पढ़ें : Gold price: ₹1 लाख के पार जाएगा सोना, या 43% होगा क्रैश; क्या कह रहे एक्सपर्ट?

(डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सार्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।)

Suneel Kumar

Suneel Kumar

First Published: Apr 16, 2025 6:34 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।