Gold Price Today: दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। कमजोर मांग और वैश्विक बाजार में नरमी के चलते सोना 700 रुपये सस्ता होकर 88,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, चांदी की कीमत 300 रुपये गिरकर 1 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
सोना रिकॉर्ड स्तर से नीचे आया
गुरुवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 89,450 रुपये प्रति 10 ग्राम के अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर पर था, लेकिन शुक्रवार को मांग घटने से कीमतों में गिरावट आई। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 700 रुपये सस्ता होकर 88,350 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। कारोबारियों का कहना है कि कमजोर वैश्विक संकेतों ने भी इस गिरावट को बढ़ावा दिया है।
वायदा बाजार में भी गिरावट
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अप्रैल डिलीवरी वाले सोने का भाव 225 रुपये गिरकर 85,799 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। वहीं, मार्च डिलीवरी के लिए चांदी वायदा 283 रुपये घटकर 96,830 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गिरावट देखने को मिली, जहां कॉमेक्स गोल्ड 11.19 डॉलर गिरकर 2,944.91 डॉलर प्रति औंस और हाजिर सोना 8.42 डॉलर टूटकर 2,930.56 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
एलकेपी सिक्योरिटीज के एक्सपर्ट जतिन त्रिवेदी ने बताया कि डॉलर इंडेक्स स्थिर रहने के बावजूद भारतीय रुपये में कमजोरी के कारण सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहा। एमसीएक्स पर सोने का भाव 85,900 रुपये से 85,400 रुपये के बीच रहा। उन्होंने यह भी कहा कि निवेशकों की नजर अब विनिर्माण, सेवाओं और घरेलू बिक्री के आगामी आंकड़ों पर होगी, जिससे कीमतों में अस्थिरता बढ़ सकती है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, लंबे समय से जारी तेजी के बाद कारोबारियों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी है, जिससे सोने की कीमतें अपने उच्चतम स्तर से नीचे आ गईं। इसके अलावा, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आक्रामक बयानों और एफओएमसी बैठक के विवरण ने ब्याज दरों में कटौती को लेकर सतर्क रुख अपनाया है, जिससे भी सोने में गिरावट देखी गई।
बाजार विश्लेषकों का मानना है कि डॉलर की मजबूती और अमेरिकी नीतियों पर निवेशकों की नजर बनी रहेगी, जिससे आने वाले दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।