Gold Price Today: सोने में चार हफ्तों की तेजी पर ब्रेक, इस हफ्ते 3.5 % फिसला गोल्ड

Gold Price Today: लगातार चार हफ्तों की तेजी के बाद इस हफ्ते सोने में गिरावट दिख रही है। इस हफ्ते सोने में करीब 3.5 फीसदी गिरावट आई है। 24 अप्रैल को स्पॉट गोल्ड 0.7 फीसदी गिरकर 4,661.33 डॉलर प्रति औंस था। इधर, भारत में भी गोल्ड फ्यूचर्स में गिरावट दिखी

अपडेटेड Apr 24, 2026 पर 12:05 PM
Story continues below Advertisement
एमसीएक्स पर गोल्ड फ्यूचर्स 0.16 फीसदी गिरकर 1,51,526 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रहा था।

Gold Price Today: कमोडिटी मार्केट में 24 अप्रैल को मिलाजुला ट्रेंड दिखा। ऑयल की कीमतों में उछाल दिखा। उधर, सोने और चांदी में नरमी दिखी। इसकी वजह अमेरिका और ईरान में बातचीत को लेकर बना गतिरोध है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि जब तक दोनों पक्षों के बीच दूसरे दौर की बातचीत शुरू होने के ठोस संकेत नहीं मिल जाते, कमोडिटी की कीमतों पर दबाव बना रहेगा।

इस हफ्ते क्रूड में 17 फीसदी उछाल

क्रूड की कीमतों में उछाल दिखा। Brent Crude Futures 1.17 फीसदी उछाल के साथ 106 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 1.12 फीसदी की तेजी के साथ 96.92 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। कई दिनों बाद क्रूड की कीमतें लगातार 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बनी हुई है। 17 अप्रैल को ईरान के होर्मुज खोलने के ऐलान के बाद क्रूड में बड़ी गिरावट दिखी थी। लेकन, ईरान और अमेरिका के बीच तनातनी बढ़ने से फिर से क्रूड 100 डॉलर के पार पहुंच गया। इस हफ्ते ब्रेंट क्रूड में 17 फीसदी से ज्यादा तेजी आई है।


चार हफ्तों के तेजी के बाद गिरा सोना

मध्यपूर्व में तनाव बढ़ने का असर सोने पर भी पड़ा है। लगातार चार हफ्तों की तेजी के बाद इस हफ्ते सोने में गिरावट दिख रही है। इस हफ्ते सोने में करीब 3.5 फीसदी गिरावट आई है। 24 अप्रैल को स्पॉट गोल्ड 0.7 फीसदी गिरकर 4,661.33 डॉलर प्रति औंस था। इधर, भारत में भी गोल्ड फ्यूचर्स में गिरावट दिखी। एमसीएक्स पर गोल्ड फ्यूचर्स 0.16 फीसदी गिरकर 1,51,526 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रहा था। सिल्वर फ्यूचर्स भी 0.13 फीसदी की कमजोरी के साथ 2,41,257 रुपये प्रति किलोग्राम चल रहा था।

क्रूड में उछाल से इनफ्लेशन बढ़ने का डर

एक्सपर्ट्स का कहना है कि क्रूड में उछाल से दुनियाभर में इनफ्लेशन बढ़ने का खतरा है। डॉलर इंडेक्स में तेजी का असर भी गोल्ड पर पड़ा है। इनफ्लेशन को काबू में करने के लिए फेडरल रिजर्व सहित दूसरे देशों के केंद्रीय बैंकों को इंटरेस्ट रेट में इजाफा करना पड़ सकता है। इंटरेस्ट रेट बढ़ने के माहौल में सोने की चमक फीकी पड़ जाती है। इसकी वजह यह है कि हाई यील्ड वाले दूसरे एसेट्स की चमक बढ़ जाती है।

सोने की कीमतों में सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव

OANDA में सीनियर मार्केट एनालिस्ट केल्विन वोंग ने कहा, "जब तक क्रूड की कीमतें ऊंची बनी रहेगी, गोल्ड दबाव में रहेगा। सोने में अभी सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव दिख रहा है। इसकी कीमत 50-डे मूविंग एवरेज से 20-डे मूविंग एवरेज (4,900-4,645 डॉलर प्रति औंस) के बीच बनी हुई है।" निवेशकों की नजरें होर्मुज पर लगी हैं। अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज पर नियंत्रण को लेकर तनातनी की स्थिति है। इससे मध्यपूर्व में टेंशन बढ़ गया है, जिसका सीधा असर क्रूड ऑयल की सप्लाई पर पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें: Gold Price Today: नहीं थम रही सोने की गिरावट, दिल्ली से लेकर चेन्नई तक और फिसला; चांदी भी कमजोर

इस हफ्ते अमेरिकी डॉलर 0.8 फीसदी चढ़ा

इस हफ्ते अमेरिकी डॉलर अब तक 0.8 फीसदी चढ़ चुका है। डॉलर में मजबूती का असर गोल्ड की चमक पर पड़ता है। डॉलर मजबूत होने से दूसरी करेंसी में सोना खरीदना महंगा हो जाता है। इससे सोने की डिमांड घट जाती है। मध्यपूर्व में लड़ाई शुरू होने के बाद से डॉलर में मजबूती आई है। इसका असर सोने पर पड़ा है। लड़ाई शुरू होने के बाद से सोने में गिरावट आई है।

डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।