Gold Rate Today In India: अमेरिका और यूरोप के बीच तनातनी फीकी होने की उम्मीदों पर गणतंत्र दिवस के दिन आज सोने और चांदी की चमक फीकी पड़ी है। गोल्ड की बात करें तो एक दिन की स्थिरता के बाद आज इसके भाव फिर टूटे हैं। राजधानी दिल्ली में आज 24 कैरेट गोल्ड प्रति दस ग्राम ₹10 और 22 कैरट गोल्ड भी ₹10 सस्ता हुआ है। इससे पहले 19 जनवरी से लेकर 25 जनवरी तक यानी करीब एक हफ्ते में एक दिन की गिरावट को मिलाकर 24 कैरट गोल्ड के भाव प्रति दस ग्राम ₹16,480 और 22 कैरट गोल्ड के भाव ₹15,100 बढ़े थे। अब चांदी की बात करें तो एक किलो चांदी भी दिल्ली में आज सस्ती हुई है। एक दिन की स्थिरता के बाद आज एक किलो चांदी ₹100 सस्ती हुई है।
एक दिन की स्थिरता के बाद चांदी फिर फिसली चांदी
चांदी की बात करें तो एक दिन की स्थिरता के बाद आज फिर यह फिसली है। पिछले कारोबारी हफ्ते के सोमवार 19 जनवरी से लेकर आज के पहले यानी 25 जनवरी तक एक किलो चांदी उठा-पटक के साथ ₹40 हजार महंगी हुई थी। आज 26 जनवरी की बात करें तो आज दिल्ली में चांदी प्रति किग्रा ₹100 सस्ती हुई है और ₹3,34,900 के भाव में बिक रही है। बाकी अहम महानगरों की बात करें तो मुंबई और कोलकाता में भी यह इसी भाव पर बिक रही है लेकिन चेन्नई में चांदी के भाव प्रति किग्रा ₹3,64,900 हैं यानी कि चारों बड़े महानगरों में सबसे महंगी चांदी चेन्नई में है।
चांदी ने अधिक चौंकाया निवेशकों को
मजबूत रिटेल खरीदारी, मोमेंटम आधारित निवेश और फिजिकल मार्केट में लंबे समय से बनी तंगी ने चांदी को तेजी से ऊपर पहुंचा दिया है। चांदी के जोरदार तेजी ने सोने की तुलना में निवेशकों को अधिक चौंकाया। बढ़ते भू राजनीतिक तनाव और सुरक्षित निवेश की मांग ने सोने को मजबूती दी, जिसका सीधा फायदा चांदी को भी मिला। एनालिस्ट्स का कहना है कि चांदी फिलहाल सोने की तेजी के साथ चल रही है। इसकी एक बड़ी वजह यह भी है कि चांदी की यूनिट कीमत सोने के मुकाबले कम है, जिससे छोटे निवेशकों की भागीदारी ज्यादा देखने को मिल रही है। हालांकि कुछ एक्सपर्ट्स सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। स्टोनएक्स की एनालिस्ट रोना ओ कॉनेल का कहना है कि चांदी की इस रैली में हर कोई शामिल होना चाहता है, लेकिन यही तेजी चेतावनी का संकेत भी दे रही हैं। जैसे ही कमजोरी के संकेत दिखेंगे, गिरावट तेज हो सकती है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।