Gold Rate Today: आज ईद के दिन सोमवार 31 मार्च को सोना महंगा हुआ है। देश के बड़े शहरों में 24 कैरेट सोने का भाव 91,100 रुपये के ऊपर और 22 कैरेट गोल्ड 83,500 रुपये के ऊपर कारोबार कर रहा है। बीते हफ्ते शुक्रवार की तुलना में सोने के भाव में 200 रुपये की तेजी रही। एक किलोग्राम चांदी का दाम 1,03,900 रुपये के स्तर पर है। यहां जानें सोने-चांदी का आज का रेट।
31 मार्च 2025 को चांदी का रेट 1,03,900 रुपये प्रति किलोग्राम रहा। चांदी के भाव में बीते हफ्ते की तुलना में गिरावट है।
दिल्ली-मुंबई में सोने का रेट
सोमवार 31 मार्च 2025 को दिल्ली में 22 कैरेट सोने का दाम 83,740 रुपये और 24 कैरेट सोना 91,340 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। मुंबई में 22 कैरेट सोना 83,590 रुपये और 24 कैरेट सोना 91,190 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है।
सोने की कीमतों में तेजी के कारण
सोने की कीमतें बढ़ने की सबसे बड़ी वजह दुनियाभर में आर्थिक और राजनीतिक अस्थिरता है। जब हालात अनिश्चित होते हैं, तो लोग अपने पैसे को सुरक्षित रखने के लिए सोने में निवेश करते हैं। अमेरिका की नई आर्थिक नीतियां, डॉलर की कीमत में उतार-चढ़ाव और महंगाई बढ़ने की आशंका भी इसकी मांग बढ़ा रही हैं। इसके अलावा, कई देशों के केंद्रीय बैंक भी बड़ी मात्रा में सोना खरीद रहे हैं, जिससे इसकी कीमत लगातार बढ़ रही है। यही वजह है कि सोना अपने रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच गया है।
कैसे तय होती हैं देश में सोने की कीमत?
भारत में सोने की कीमत कई वजहों से बदलती रहती है, जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजार के दाम, सरकार के टैक्स और रुपये की कीमत में उतार-चढ़ाव। सोना सिर्फ निवेश का जरिया नहीं, बल्कि हमारी परंपराओं और त्योहारों का भी अहम हिस्सा है। खासकर शादी और त्योहारों के समय इसकी मांग बढ़ जाती है।