गोल्ड में निवेश करने वालों की चांदी हो गई है। सोने में तूफानी तेजी जारी है। 21 अप्रैल को गोल्ड ने तेजी का नया रिकॉर्ड बना दिया। इंडिया में कमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स में गोल्ड फ्यूचर्स 1475 रुपये यानी 1.55 फीसदी की तेजी के साथ 96,729 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। उधर, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गोल्ड को पंख लग गए। भाव 1.7 फीसदी के उछाल के साथ 3,383.87 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया। यूएस गोल्ड फ्यूचर्स 2 फीसदी की तेजी के साथ 3,396 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा था। सोने में इस तेजी ने निवेशकों को हैरान कर दिया है। शायद ही पहले कभी गोल्ड में ऐसी तेजी आई होगी।
कमोडिटी एनालिस्ट्स का कहना है कि दुनिया में ग्लोबल इकोनॉमी को लेकर चिंता बनी हुई है। खासकर अमेरिका और चीन के बीच बढ़ता टकराव वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए अच्छा नहीं है। उधर, अमेरिकी डॉलर में कमजोरी से भी Gold को सपोर्ट मिल रहा है। डॉलर इंडेक्स तीन साल के निचले स्तर पर आ गया है। डॉलर में कमजोरी से दूसरी करेंसी में Gold खरीदना सस्ता हो जाता है। इसलिए डॉलर में कमजोरी का सीधा असर सोने की कीमतों पर पड़ता है।
आईजी मार्केट के स्ट्रेटेजिस्त यीप जून रोंग ने कहा, "दुनिया अमेरिकी टैरिफ की वजह से डरी हुई है। इकोनॉमिस्ट्स स्टैगफ्लेशन का अनुमान जता रहे है। इस बीच, दुनिया के बड़े केंद्रीय बैंकों की खरीदारी से गोल्ड की डिमांड हाई बनी हुई है। इसका असर गोल्ड की कीमतों पर पड़ रहा है।" अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2 अप्रैल को दुनिया के 180 देशों पर टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया। हालांकि, बाद में उन्होंने 70 से ज्यादा देशों पर टैरिफ 90 दिन के लिए टाल दिया। लेकिन, इससे दुनिया में अनिश्चितता की स्थिति बन गई है। लेकिन, दुनिया को सबसे ज्यादा डर अमेरिका और चीन के बढ़ते टकराव से है। दोनों में कोई भी झुकने को तैयार नहीं है।
इंडिया में एक्सपर्ट्स का कहना है कि निवेशकों को सोने में इनवेस्ट करने में अब और देर नहीं करना चाहिए। जिन लोगों ने मनीकंट्रोल की सलाह पर पिछले 3-4 सालों में गोल्ड में निवेश किया है, वे आज बड़े प्रॉफिट पर बैठे हुए हैं। जिन लोगों ने मौका गंवा दिया, उन्हें अब गोल्ड में निवेश शुरू कर देना चाहिए। इस साल के अंत तक गोल्ड का भाव कम से कम 3,700 डॉलर प्रति औंस तक जाने का अनुमान जताया जा रहा है। इसका मतलब है कि इंडिया में सोना 1.40 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। हालांकि, सोने में बीच में मुनाफावसूली दिखेगी, जिससे भाव थोड़ा नीचे आएंगे।
यह भी पढ़ें: Gold Loan new Rules: आरबीआई के नए नियमों से क्या ग्राहकों को Gold Loan लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ेगा?
ऐसे कर सकते हैं गोल्ड में निवेश
आज गोल्ड में निवेश करना बहुत आसान हो गया है। आप गोल्ड ईटीएफ या म्यूचुअल फंड की गोल्ड स्कीम के जरिए आसानी से गोल्ड में निवेश कर सकते हैं। गोल्ड में SIP के जरिए भी हर महीने 2000-3,000 रुपये निवेश किया जा सकता है। इससे 4-5 साल में गोल्ड में आपका निवेश अच्छे लेवल पर पहुंच जाएगा। फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स का कहना है कि गोल्ड में निवेश करने से आपका इनवेस्टमेंट पोर्टफोलियो डायवर्सिफायड होगा। एक्सपर्ट्स कम से कम 10-15 फीसदी निवेश गोल्ड में करने की सलाह देते है।