सोने और चांदी की कीमतों में भले ही अभी तेज गिरावट देखने को मिल रही है। लेकिन, दोनों का आउटलुक स्ट्रॉन्ग है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के सचिव सुरेंद्र मेहता का अनुमान है कि 2027 के अंत तक सोने की कीमत 6,200 डॉलर प्रति औंस और चांदी की कीमत 180 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है। इस हिसाब से भारत में सोना प्रति ग्राम 1.87 लाख रुपये को पार कर जाएगा। चांदी की कीमत 5,45,100 रुपये प्रति किलोग्राम होगी
फिलहाल कीमतों में उतार-चढ़ाव दिख सकता है
मेहता के मुताबिक, आगे कुछ समय के लिए सोने और चांदी पर दबाव बना रह सकता है। हालांकि, उनका मानना है कि वैश्विक बाजार में इन कीमती धातुओं की मांग बढ़ने के संकेत दिख रहे हैं। उनका मानना है कि मौजूदा गिरावट के बावजूद निवेशकों को सोने को हल्के में नहीं लेना चाहिए।
2027 के अंत तक कहां पहुंच सकता है सोना और चांदी?
सुरेंद्र मेहता ने अनुमान जताया कि 2027 के अंत तक सोना करीब 6,200 डॉलर प्रति औंस और चांदी 180 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि 2027 के अंत तक सोना करीब 6,200 डॉलर और चांदी 180 डॉलर के आसपास पहुंच सकती है।" हालांकि, फिलहाल बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और कीमतों की दिशा कई वैश्विक कारकों पर निर्भर करेगी।
क्यों गिर रही हैं सोने-चांदी की कीमतें?
मेहता के मुताबिक, सोने और चांदी की कीमतों में हालिया गिरावट के पीछे कई वजहें हैं। इनमें कच्चे तेल की कीमतें और अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता शामिल है। अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के अगले कदम को लेकर स्पष्टता नहीं होने से कीमती धातुओं पर दबाव बना रह सकता है। बाजार की नजर फेडरल रिजर्व की दिसंबर की पॉलिसी पर है।
सिंगापुर और हांगकांग में बढ़ रही गोल्ड स्टोरेज क्षमता
मेहता ने लंबी अवधि में सोने की मांग को लेकर कुछ सकारात्मक संकेत बताए। उनके मुताबिक, सिंगापुर और हांगकांग जैसे प्रमुख वैश्विक बाजारों में सोना रखने के लिए वॉल्ट यानी सुरक्षित भंडारण की क्षमता बढ़ाई जा रही है। उनका मानना है कि कोई भी बाजार भविष्य में कारोबार की उम्मीद के बिना अपनी भंडारण क्षमता नहीं बढ़ाता।
धनतेरस-दिवाली पर 61-62 टन से ज्यादा बिका सोना
कीमतों में गिरावट का फायदा उठाने के मकसद से सोने और चांदी की खरीदारी बढ़ी है। मेहता के मुताबिक, IBJA के अनुमान के अनुसार धनतेरस और दिवाली के दौरान देश में सोने की बिक्री 61-62 टन से ज्यादा रही। इस दौरान चांदी की बिक्री भी करीब 330-340 टन तक पहुंचने का अनुमान है। कम कीमतों, शादी-ब्याह के सीजन और पहले से बुकिंग कराने के बढ़ते चलन ने खरीदारी को सपोर्ट किया।