Gold Silver Buy or Sell: सोने-चांदी में रिकॉर्ड गिरावट, क्या यह खरीदारी का सबसे सही मौका है या फटाफट बेचने में ही भलाई? एक्सपर्ट्स से समझें

Gold Silver Buy or Sell: वैश्विक बाजार में भी स्पॉट गोल्ड महीनों बाद पहली बार $4000 प्रति औंस के स्तर से नीचे गिरकर $3975 के पास पहुंच गया है। यह अक्टूबर 2008 के बाद सोने की सबसे बड़ी मासिक गिरावटों में से एक है। इस रिकॉर्ड गिरावट के बीच निवेशकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह सोना खरीदने का सही समय है, या जो सोना पास में है उसे फटाफट बेच देना चाहिए? जानिए क्या है एक्सपर्ट की राय

अपडेटेड Jun 30, 2026 पर 1:04 PM
MCX पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना 1.3% से ज्यादा टूटकर ₹1.40 लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है

Gold Silver Buy or Sell: अगर आप सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए ये जरूरी खबर है। घरेलू और वैश्विक बाजारों में मंदी के चलते मंगलवार 30 जून 2026 को सोने और चांदी की कीमतों पर भारी दबाव देखा जा रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना 1.3% से ज्यादा टूटकर ₹1.40 लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है। वहीं, सितंबर डिलीवरी वाली चांदी भी 1% गिरकर ₹2.20 लाख प्रति किलोग्राम के करीब आ गई है।

वैश्विक बाजार में भी स्पॉट गोल्ड महीनों बाद पहली बार $4000 प्रति औंस के स्तर से नीचे गिरकर $3975 के पास पहुंच गया है। यह अक्टूबर 2008 के बाद सोने की सबसे बड़ी मासिक गिरावटों में से एक है। इस रिकॉर्ड गिरावट के बीच निवेशकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह सोना खरीदने का सही समय है, या जो सोना पास में है उसे फटाफट बेच देना चाहिए?

पहले जानिए क्यों गिर रहे हैं सोने के दाम?


विशेषज्ञों के मुताबिक, बुलियन मार्केट में इस बड़ी गिरावट के पीछे मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय कारक काम कर रहे हैं:

अमेरिकी फेडरल रिजर्व का सख्त रुख: अमेरिकी केंद्रीय बैंक द्वारा ब्याज दरों में और बढ़ोतरी करने की संभावनाओं से निवेशक सुरक्षित निवेश यानी सोने से पैसा निकालकर ऊंचे रिटर्न वाले विकल्पों में लगा रहे हैं।

मजबूत डॉलर: डॉलर इंडेक्स में लगातार आ रही मजबूती के कारण अन्य करेंसी वाले खरीदारों के लिए सोना खरीदना काफी महंगा हो गया है, जिससे इसकी डिमांड घटी है।

महंगाई और क्रूड ऑयल का दबाव: लगातार बनी हुई वैश्विक महंगाई और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव ने भी नॉन-यील्डिंग एसेट जिस पर अलग से ब्याज नहीं मिलता जैसे सोने की चमक को कम कर दिया है।

खरीदने का समय या फटाफट बेचने का? क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स

मास्टर कैपिटल सर्विसेज के चीफ रिसर्च ऑफिसर रवि सिंह के मुताबिक, MCX पर सोने के वायदा भाव इस समय भारी बिकवाली के दबाव में हैं और यह शॉर्ट-टर्म मूविंग एवरेज से काफी नीचे ट्रेड कर रहे हैं, जो बाजार में मंदी का साफ संकेत है।

नया सोना खरीदने वालों के लिए

अगर आप लॉन्ग-टर्म यानी लंबी अवधि यानी 1 से 3 साल या उससे ज्यादा के लिए निवेश करना चाहते हैं, तो बाजार की यह रिकॉर्ड गिरावट आपके लिए एक बेहतरीन मौका साबित हो सकती है। चूंकि सोना हमेशा से सुरक्षित निवेश माना गया है, इसलिए इस निचले स्तर पर धीरे-धीरे यानी SIP मोड में खरीदारी करना भविष्य में बड़ा मुनाफा दे सकता है।

फटाफट बेचने वालों के लिए

शॉर्ट-टर्म ट्रेडर्स या वो लोग जो डरकर पैनिक सेलिंग करने की सोच रहे हैं, उन्हें एक्सपर्ट्स फिलहाल रुकने की सलाह देते हैं। मिडिल ईस्ट में जारी भू-राजनीतिक तनाव और अनिश्चितता के कारण बाजार में कभी भी अचानक तेजी आ सकती है। इसलिए घाटे में या जल्दबाजी में फटाफट सोना बेचने से बचना चाहिए।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल पर विशेषज्ञों द्वारा व्यक्त किए गए विचार और निवेश टिप्स उनके अपने हैं, वेबसाइट या उसके प्रबंधन के नहीं। मनीकंट्रोल यूजर्स को सलाह देता है कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट्स से जांच कर लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।