Groww म्यूचुअल फंड ने लॉन्च किया स्मॉल कैप फंड, जानें इसकी खास बातें

Groww Mutual Fund इस फंड के शेयरों के सेलेक्शन के लिए अपने QGaRP फ्रेमवर्क का इस्तेमाल करेगा। इस फ्रेमवर्क का फोकस क्वालिटी और ग्रोथ वाले शेयरों में सही प्राइस पर निवेश करने पर होता है। इस फंड का बेंचमार्कच निफ्टी स्मॉलकैप 250 इंडेक्स-टीआरआई होगा

अपडेटेड Jan 07, 2026 पर 7:49 PM
Story continues below Advertisement
Groww Small Cap Fund में न्यूनतम 500 रुपये से निवेश किया जा सकता है।

ग्रो म्यूचुअल फंड ने स्मॉल कैप फंड लॉन्च किया है। यह ओपन-एंडेड स्कीम है, जो मुख्य रूप से स्मॉलकैप कंपनियों के शेयरों में निवेश करेगी। इस न्यू फंड ऑफर में 8 जनवरी से लेकर 22 जनवरी के बीच निवेश किया जा सकता है। इस फंड का मकसद लंबी अवधि में निवेशकों को अच्छा रिटर्न देना है।

निफ्टी स्मॉलकैप 250 इंडेक्स-टीआरआई इस फंड का बेंचमार्क होगा

Groww Mutual Fund इस फंड के शेयरों के सेलेक्शन के लिए अपने QGaRP फ्रेमवर्क का इस्तेमाल करेगा। इस फ्रेमवर्क का फोकस क्वालिटी और ग्रोथ वाले शेयरों में सही प्राइस पर निवेश करने पर होता है। यह फंड सिर्फ स्मॉलकैप स्टॉक्स में निवेश करेगा। इसका लार्जकैप स्टॉक्स में निवेश नहीं होगा। इस फंड का बेंचमार्क निफ्टी स्मॉलकैप 250 इंडेक्स-टीआरआई होगा।


यह स्मॉलकैप कंपनियों के लिए तेज ग्रोथ हासिल करने का बड़ा मौका

फंड हाउस के मुताबिक, इंडियन इकोनॉमी स्ट्रक्चर चेंजेज से गुजर रही है। इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च बढ़ रहा है। कैपिटल मार्केट्स का विस्तार हो रहा है। फॉर्मल क्रेडिट में लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल बढ़ रहा है। यह स्मॉलकैप कंपनियों के लिए ऑपरेशन का विस्तार करने और नए मार्केट्स में दाखिल होने का बड़ा मौका है।

2025 में ज्यादातर स्मॉलकैप शेयरों के लिए नहीं रहा अच्छा

एनालिस्ट्स का कहना है कि 2025 में स्मॉलकैप सूचकांक का प्रदर्शन खराब रहा। इसकी वजह स्मॉलकैप शेयरों में गिरावट है। इससे इन शेयरों की वैल्यूएशंस में गिरावट आई है। हालांकि, कंपनियों के फंडामेंटल्स में इम्प्रूवमेंट देखने को मिला है। अनुपम तिवारी इस फंड के फंड मैनेजर होंगे।

न्यूनतम 500 रुपये से किया जा सकता है इस फंड में निवेश

Groww Small Cap Fund में न्यूनतम 500 रुपये से निवेश किया जा सकता है। एक साल के अंदर पैसे निकालने (Redeem) पर एक फीसदी का एग्जिट लोड लगेगा। यह स्कीम उन इनवेस्टर्स के लिए है, जो स्मॉलकैप स्टॉक्स में निवेश करना चाहते हैं। स्मॉलकैप स्टॉक्स में उतारचढ़ाव ज्यादा होता है। इनमें रिस्क भी ज्यादा होता है। जो इनवेस्टर्स ज्यादा रिस्क नहीं ले सकते, उन्हें स्मॉलकैप फंड में निवेश नहीं करना चाहिए।

यह भी पढ़ें: क्या आपको भी लगता है SIP से 1 करोड़ का फंड तैयार करना मुश्किल है? सिर्फ इन 4 बातों पर करना होगा भरोसा

निवेश से पहले अपने फाइनेंशियल एडवाइजर की राय लें

एक्सपर्ट्स का कहना है कि स्मॉलकैप फंड में लंबी अवधि के लिहाज से निवेश किया जा सकता है। जो निवेशक शॉर्ट टर्म और मीडियम टर्म के लिए पैसे लगाना चाहते हैं, उन्हें स्मॉलकैप फंड में निवेश करने से बचना चाहिए। 2025 स्मॉलकैप शेयरों के लिए अच्छा नहीं रहा। बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स 2025 में 6.27 फीसदी गिरा है। इनवेस्टर को इस फंड में निवेश से पहले अपने फाइनेंशियल एडवाइजर की राय लेनी चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।