HDFC Bank: अगर आपका होम लोन, पर्सनल लोन या कार लोन HDFC Bank से जुड़ा हुआ है, तो आपकी EMI पर असर पड़ सकता है। देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंकों में से एक HDFC Bank ने अपनी MCLR दरों में बढ़ोतरी कर दी है। बैंक के इस फैसले के बाद नए लोन महंगे हो सकते हैं, जबकि मौजूदा ग्राहकों की ब्याज दरें भी रीसेट होने पर बढ़ सकती हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि बैंक ने किन-किन पीरियड की दरों में बदलाव किया है और इसका आपकी जेब पर कितना असर पड़ सकता है। बैंक की यह बढ़ोतरी ऐसे समय आई है जब RBI ने हाल ही में अपनी मौद्रिक नीति बैठक में रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर स्थिर रखा है।
बैंक ने अलग-अलग पीरियड के लिए MCLR में 5 से 10 बेसिस प्वाइंट (bps) तक की बढ़ोतरी की है। एक बेसिस प्वाइंट का मतलब 0.01 प्रतिशत होता है। नई बढ़ोतरी के बाद HDFC Bank की MCLR दरें 8.05 प्रतिशत से 8.65 प्रतिशत के बीच हो गई हैं।
किन-किन दरों में हुआ बदलाव?
HDFC Bank ने ओवरनाइट MCLR को 8.05 प्रतिशत से बढ़ाकर 8.10 प्रतिशत कर दिया है। वहीं 3 महीने की MCLR 8.15 प्रतिशत से बढ़कर 8.20 प्रतिशत और 6 महीने की MCLR 8.30 प्रतिशत से बढ़कर 8.35 प्रतिशत हो गई है। सबसे महत्वपूर्ण 1 साल की MCLR, जिसका इस्तेमाल कई रिटेल लोन की ब्याज दर तय करने में किया जाता है, उसे 8.35 प्रतिशत से बढ़ाकर 8.40 प्रतिशत कर दिया गया है।
इसके अलावा 2 साल की MCLR में सबसे ज्यादा 10 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी हुई है। यह अब 8.45 प्रतिशत से बढ़कर 8.55 प्रतिशत हो गई है। वहीं 3 साल की MCLR 8.60 प्रतिशत से बढ़कर 8.65 प्रतिशत कर दी गई है। हालांकि 1 महीने की MCLR में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह 8.05 प्रतिशत पर ही बनी हुई है।
ग्राहकों पर क्या पड़ेगा असर?
MCLR बढ़ने का सीधा असर उन ग्राहकों पर पड़ सकता है, जिनके लोन MCLR से जुड़े हुए हैं। ऐसे मामलों में लोन की ब्याज दर बढ़ सकती है, जिससे EMI बढ़ने की संभावना रहती है। हालांकि यह असर सभी ग्राहकों पर तुरंत नहीं पड़ेगा। यह उनके लोन के रीसेट पीरियड पर निर्भर करेगा।
MCLR वह न्यूनतम ब्याज दर होती है, जिस पर बैंक ग्राहकों को लोन दे सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 2016 में इस सिस्टम को लागू किया था। बैंक अपने फंड की लागत और अन्य कारकों को ध्यान में रखकर MCLR तय करते हैं।
जहां लोन लेने वालों के लिए यह खबर थोड़ी चिंता बढ़ाने वाली हो सकती है, वहीं FD में निवेश करने वाले ग्राहकों के लिए अच्छी खबर है। HDFC Bank फिलहाल सामान्य ग्राहकों को 2.75 प्रतिशत से 6.50 प्रतिशत तक और वरिष्ठ नागरिकों को 3.25 प्रतिशत से 7 प्रतिशत तक ब्याज दे रहा है।