HDFC Bank ने ग्राहकों को दिया झटका, MCLR 15 बेसिस पॉइंट तक बढ़ाया, जानिए EMI पर पड़ेगा कितना असर

HDFC Bank का MCLR 7.75 फीसदी से बढ़कर 7.85-8.70 फीसदी के दायरे में पहुंच गया है। पहले यह 7.75 फीसदी से 8.55 फीसदी के बीच था। बैंक ने लंबी अवधि वाले MCLR में ज्यादा बढ़ोतरी की है

अपडेटेड Nov 11, 2026 पर 1:34 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
HDFC Bank का शेयर बुधवार को 1 बजे 1.82 फीसदी चढ़कर 812.65 रुपये पर चल रहा था।

एचडीएफसी बैंक ने अपने ग्राहकों को झटका दिया है। उसने मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स बेस्ड लेंडिंग रेट (एमसीएलआर) बढ़ाया है। बैंक ने सभी सात अवधि के एमसीएलआर में 5 से 15 बेसिस पॉइंट (बीपीएस) तक का इजाफा किया है। नई दरें 7 नवंबर से लागू हो गई हैं। इससे बैंक के उन ग्राहकों के लिए होम लोन, पर्सनल लोन और दूसरे कर्ज महंगे हो सकते हैं, जिनके लोन का इंटरेस्ट रेट एमसीएलआर से लिंक्ड है।

लंबी अवधि वाले MCLR में ज्यादा बढ़ोतरी

इस बदलाव के बाद HDFC Bank का MCLR 7.75 फीसदी से बढ़कर 7.85-8.70 फीसदी के दायरे में पहुंच गया है। पहले यह 7.75 फीसदी से 8.55 फीसदी के बीच था। बैंक ने लंबी अवधि वाले MCLR में ज्यादा बढ़ोतरी की है। HDFC Bank ने छह महीने, एक साल, दो साल और तीन साल की अवधि वाले MCLR में 15 बेसिस पॉइंट का इजाफा किया है। बाकी अवधि के MCLR में 5 से 10 बेसिस पॉइंट तक की बढ़ोतरी की गई है। एक बेसिस पॉइंट का मतलब 0.01 फीसदी होता है। इस लिहाज से 15 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी 0.15 फीसदी के बराबर है।


एचडीएफसी बैंक के किन ग्राहकों पर पड़ेगा असर?

MCLR में बढ़ोतरी का असर उन मौजूदा ग्राहकों पर पड़ सकता है, जिनके होम लोन, पर्सनल लोन, ऑटो लोन या दूसरे फ्लोटिंग रेट लोन का इंटेरस्ट रेट MCLR से लिंक्ड है। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि सभी ग्राहकों की EMI तुरंत बढ़ जाएगी। लोन की ब्याज दर में बदलाव कब और कितना होगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि ग्राहक का लोन किस बेंचमार्क से जुड़ा है, उस पर कितना स्प्रेड लागू है और लोन एग्रीमेंट में ब्याज दर रीसेट करने की तारीख क्या तय है।

छह महीने वाले MCLR से जुड़े लोन पर असर

मान लीजिए किसी ग्राहक का होम लोन छह महीने के MCLR से जुड़ा है। ऐसे में अगली रीसेट तारीख पर नई ब्याज दर लागू हो सकती है। छह महीने के MCLR में 15 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी के कारण ग्राहक की ब्याज दर भी 0.15 फीसदी तक बढ़ सकती है।

यह भी पढ़ें: अब WhatsApp पर चेक करें PF बैलेंस, डाउनलोड करें पासबुक, यहां जानिए पूरा तरीका

वास्तविक बढ़ोतरी लोन की शर्तों पर निर्भर करेगी

EMI में वास्तविक बढ़ोतरी लोन की शर्तों पर निर्भर करेगी। ब्याज दर बढ़ने के बाद बैंक ग्राहक की EMI बढ़ा सकता है या लोन चुकाने की अवधि बढ़ा सकता है। यह लोन एग्रीमेंट और बैंक की रीपेमेंट व्यवस्था पर निर्भर करेगा। HDFC Bank का शेयर बुधवार को 1 बजे 1.82 फीसदी चढ़कर 812.65 रुपये पर चल रहा था।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।