हीरो मोटोकॉर्प के प्रमोटर पवन मुंजाल के यहां आयकर विभाग (Income Tax Department) ने छापेमारी की है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक आयकर विभाग ने बुधवार सुबह हीरो मोटोकॉर्प के शीर्ष अधिकारियों से जुड़े कई परिसरों पर छापेमारी की, जिसमें प्रमोटर पवन मुंजाल भी शामिल हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि गुरुग्राम में आवास और ऑफिस की तलाशी बुधवार सुबह शुरू हुई। दुपहिया कंपनी के अन्य आला अधिकारियों से जुड़े परिसरों की भी तलाशी ली जा रही है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक आयकर विभाग हीरो मोटोकॉर्प के खिलाफ टैक्स चोरी के आरोपों की जांच कर रहा है। विभाग के अधिकारियों की एक टीम कंपनी और प्रमोटरों के वित्तीय दस्तावेजों और अन्य बिजनेस ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है।
आयकर विभाग द्वारा हाल ही में दिल्ली-एनसीआर, चंडीगढ़, लुधियाना, लखनऊ और इंदौर में उत्तर भारत की एक प्रमुख रियल एस्टेट फर्म के 45 परिसरों में छापेमारी के बाद छापेमारी की गई, जिसमें 25 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाब कैश और 5 करोड़ रुपये की ज्वैलरी जब्त की है।
हीरो मोटोकॉर्प का एशिया, अफ्रीका, दक्षिण अमेरिका और मध्य अमेरिका के 40 देशों में कारोबार है। छापेमारी की खबर के बाद हीरो मोटोकॉर्प के शेयर बीएसई पर 1% से अधिक नीचे कारोबार कर रहे थे।