DDA Housing Scheme: अगर आप दिल्ली में घर खरीदने का सपना देख रहे हैं, तो आपका यह सपना जल्द साकार हो सकता है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) तीन नई हाउसिंग स्कीम्स लॉन्च करने जा रहा है। डीडीए ने इन योजनाओं के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिनमें उच्च आय वर्ग (HIG), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और अन्य केटेगरी के लिए द्वारका में 39,573 फ्लैट्स शामिल होंगे। अधिकारियों के अनुसार यह योजना इस महीने के अंत तक यानी अगस्त के आखिरी हफ्ते में लॉन्च होने की उम्मीद है।
LIG फ्लैट्स 11.50 लाख रुपये से शुरू
डीडीए के एक बयान के अनुसार इस योजना का उद्देश्य निम्न आय वाले परिवारों के लिए कम कीमत में आवास उपलब्ध कराना है। फ्लैट्स को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर आवंटित किया जाएगा। योजना के तहत रामगढ़ कॉलोनी, सिरासपुर, लोकनायकपुरम, रोहिणी, और नरेला में LIG और EWS फ्लैट्स को रियायती दरों पर पेश करेगी। इन घरों की शुरुआती कीमत लगभग 11.50 लाख रुपये होगी।
MIG फ्लैट्स 29 लाख रुपये से शुरू
डीडीए जनरल हाउसिंग स्कीम 2024 के तहत अलग-अलग इनकम केटेगरी में 5,400 फ्लैट्स की पेशकश की जाएगी। ये फ्लैट्स जसोला, लोकनायकपुरम और नरेला जैसे प्रमुख एरिया में है। महंगाई के बावजूद, डीडीए अधिकारियों ने इन घरों की कीमतों को 2023 के स्तर पर बनाए रखने का वादा किया है, जिससे ये कई संभावित खरीदारों के लिए सुलभ रहेंगे। इन फ्लैट्स की शुरुआती कीमत लगभग 29 लाख रुपये होगी। जो अपने घर में निवेश करने की सोच रखने वालों के लिए एक आकर्षक विकल्प है।
HIG फ्लैट्स 1.28 करोड़ रुपये से शुरू
जनरल हाउसिंग स्कीम के अलावा डीडीए द्वारका हाउसिंग स्कीम भी लेकर आई है। इस योजना में द्वारका के प्रमुख सेक्टरों—सेक्टर 14, सेक्टर 16बी, और सेक्टर 19बी—में 173 फ्लैट्स शामिल होंगे। ये फ्लैट्स MIG, HIG, और उच्च केटेगरी के होंगे, जिन्हें ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से मिलेंगे। इन प्रीमियम फ्लैट्स की शुरुआती कीमत ₹1.28 करोड़ होगी। इन योजनाओं के लॉन्च की उम्मीद इस महीने के अंत तक है।