महंगाई के बीच कैसे उठाएं सस्ती LPG वाली उज्ज्वला योजना का फायदा? जानें आवेदन का स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस
LPG PM Ujjwala Yojana: उज्ज्वला योजना के तहत पहली बार कनेक्शन लेने पर मिलने वाली वित्तीय सहायता और इनडायरेक्ट सब्सिडी का लाभ उठाने के लिए लोग लगातार आवेदन कर रहे हैं। अगर आप या आपके परिवार का कोई सदस्य इस योजना का लाभ उठाना चाहता है, तो जान लें इसका पूरा प्रोसेस
इसके तहत सरकार नए कनेक्शन के लिए ₹1600 की वित्तीय सहायता देती है
Ujjwala Yojana: मिडिल ईस्ट संकट के कारण देश में घरेलू LPG गैस की कीमतों में उछाल देखने को मिला है। इस महंगाई के बीच भी देश में उज्ज्वला योजना के तहत लोगों को बड़ी राहत मिलती है। हालांकि, सरकार ने इस योजना के तहत सालाना सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या घटा दी है फिर भी गरीब परिवारों के लिए यह योजना बेहद मददगार साबित हो रही है।
इस योजना के तहत पहली बार कनेक्शन लेने पर मिलने वाली वित्तीय सहायता और इनडायरेक्ट सब्सिडी का लाभ उठाने के लिए लोग लगातार आवेदन कर रहे हैं। अगर आप या आपके परिवार का कोई सदस्य इस योजना का लाभ उठाना चाहता है, तो इसका जानें इसका पूरा प्रोसेस।
क्या है प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY)?
इस योजना की शुरुआत केंद्र सरकार द्वारा गरीब रेखा से नीचे (BPL) जीवन यापन करने वाले परिवारों की महिलाओं को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन प्रदान करने के लिए की गई थी। इसके तहत सरकार नए कनेक्शन के लिए ₹1600 की वित्तीय सहायता देती है, जिसमें सिलेंडर की सिक्योरिटी राशि, रेगुलेटर और गैस पाइप का खर्च शामिल होता है। इसके अलावा, लाभार्थियों को सरकार की तरफ से ₹300 प्रति सिलेंडर की अतिरिक्त सब्सिडी भी सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है।
उज्ज्वला योजना के लिए कौन कर सकता है आवेदन?
उज्ज्वला योजना का लाभ लेने के लिए सरकार ने कुछ जरूरी शर्तें तय की हैं:
महिला होना अनिवार्य: आवेदन केवल परिवार की वयस्क महिला के नाम पर ही किया जा सकता है।
कोई अन्य कनेक्शन न हो: आवेदक के घर में किसी भी तेल कंपनी जैसे- इंडेन, भारत गैस या एचपी का पहले से कोई अन्य एलपीजी कनेक्शन नहीं होना चाहिए।
कैटेगरी: आवेदक महिला अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थी, अंत्योदय अन्न योजना (AAY), या अत्यंत पिछड़ा वर्ग (OBC) से होनी चाहिए, या फिर वह गरीबी रेखा से नीचे (BPL) जीवन यापन करने वाले परिवार से ताल्लुक रखती हो।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
फॉर्म भरने से पहले आपके पास इन डॉक्यूमेंट्स का होना जरूरी है:
नो योर कस्टमर (KYC): उज्ज्वला योजना का विशेष केवाईसी फॉर्म।
पहचान और पते का प्रमाण: आवेदक का पहचान पत्र और निवास प्रमाण पत्र।
राशन कार्ड: राज्य सरकार द्वारा जारी किया गया राशन कार्ड जिसमें परिवार के सभी सदस्यों के नाम दर्ज हों।
बैंक खाता विवरण: सब्सिडी की राशि सीधे खाते में पाने के लिए बैंक अकाउंट नंबर और IFSC कोड।
पासपोर्ट साइज फोटो: आवेदक महिला की पासपोर्ट साइज तस्वीरें।
उज्ज्वला योजना के लिए कैसे करें अप्लाई?
आप इस योजना के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से आवेदन कर सकते हैं:
ऑनलाइन आवेदन का तरीका:
स्टेप 1: सबसे पहले प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की आधिकारिक वेबसाइट www.pmuy.gov.in पर जाएं।
स्टेप 2: होमपेज पर दिए गए 'Apply for New Ujjwala 2.0 Connection' के विकल्प पर क्लिक करें।
स्टेप 3: अब आपके सामने तीन गैस कंपनियों (Indane, Bharat Gas, HP Gas) के नाम आएंगे। आप अपनी सुविधानुसार किसी भी एक कंपनी को चुनकर उसके सामने 'Click Here to Apply' पर क्लिक करें।
स्टेप 4: इसके बाद संबंधित गैस कंपनी का पोर्टल खुल जाएगा, जहां आपको अपनी पात्रता की पुष्टि करनी होगी और मांगी गई सभी व्यक्तिगत जानकारियां दर्ज करनी होंगी।
स्टेप 5: अपने सभी जरूरी दस्तावेज जैसे- राशन कार्ड, बैंक डिटेल आदि स्कैन करके अपलोड करें और फॉर्म को सबमिट कर दें।
ऑफलाइन आवेदन का तरीका: अगर आप ऑनलाइन फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं, तो आप अपने नजदीकी एलपीजी गैस एजेंसी पर जा सकते हैं। वहां से उज्ज्वला योजना का आवेदन फॉर्म लें, उसमें मांगी गई सभी जानकारियां सही-सही भरें और अपने दस्तावेजों की फोटोकॉपी अटैच करके वहीं जमा कर दें।
आवेदन के बाद क्या होता है?
एक बार जब आप अपना आवेदन जमा कर देते हैं, तो गैस एजेंसी और संबंधित तेल कंपनियों द्वारा आपके दस्तावेजों और पात्रता की जांच की जाती है। अगर आपके द्वारा दी गई सभी जानकारियां सही पाई जाती हैं और आपके नाम पर पहले से कोई कनेक्शन नहीं होता है, तो गैस एजेंसी द्वारा आपके नाम पर नया एलपीजी कनेक्शन जारी कर दिया जाता है।
अब 9 की जगह मिलेंगे सिर्फ 4 सस्ते सिलेंडर
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पहले लाभार्थियों को एक साल में कुल 9 सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर मिलते थे। लेकिन, अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती कीमतों के कारण सरकार ने इस नियम में बड़ा बदलाव कर दिया है। नए आदेश के मुताबिक, अब उज्ज्वला योजना के तहत आने वाले गरीब परिवारों को एक साल में सिर्फ 4 सिलेंडर ही सब्सिडी वाले रेट पर मिल सकेंगे। यानी अब सालाना केवल पहले 4 सिलेंडरों पर ही ₹300 की अतिरिक्त सब्सिडी सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी।