कैसे सस्ता मिलेगा iPhone 17? समझिए बैंक ऑफर, कैशबैक और एक्सचेंज बोनस का पूरा कैलकुलेशन

iPhone 17 भारत में लॉन्च हो गया है, लेकिन इसकी ऊंची कीमत हर किसी की पहुंच में नहीं। बैंक कैशबैक, एक्सचेंज बोनस, EMI और एक्सेसरी डिस्काउंट जैसे ऑफर्स से आप 10,000 रुपये से ज्यादा बचत कर सकते हैं। जानिए पूरा कैलकुलेशन।

अपडेटेड Sep 22, 2025 पर 3:29 PM
Story continues below Advertisement
कैशबैक और एक्सचेंज ऑफर्स मिलाकर आप iPhone 17 पर 10,000 रुपये से ज्यादा बचा सकते हैं।

iPhone 17 भारत में 19 सितंबर को लॉन्च हो गया है। इसमें पहले से तेज परफॉर्मेंस, अपग्रेडेड कैमरा सिस्टम, लंबी बैटरी और नया Apple Intelligence फीचर दिया गया है। लेकिन हमेशा की तरह iPhone की कीमत ऊंची है। Statista की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में iPhone 17 खरीदने के लिए औसतन 900 घंटे से ज्यादा काम करना पड़ेगा।

iPhone 17 सीरीज में चार मॉडल आए हैं- iPhone 17, 17 Pro, 17 Pro Max और iPhone Air। हर मॉडल में अलग-अलग स्टोरेज वैरिएंट हैं और सबसे महंगा मॉडल 2,29,900 रुपये तक जाता है। अगर आप iPhone 17 सीरीज के फोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो कई ऑफर्स के जरिए अच्छी बचत कर सकते हैं।

इंस्टैंट कैशबैक ऑफर्स


iPhone 17 (256GB) की शुरुआती कीमत 82,900 रुपये है। SBI और ICICI बैंक क्रेडिट कार्ड पर 6,000 रुपये का इंस्टैंट कैशबैक मिल रहा है। इससे फोन की कीमत कम हो जाती है। यह ऑफर ज्यादातर सभी सेलर्स पर लागू है और खरीदारी के वक्त तुरंत फायदा मिलता है।

एक्सचेंज बोनस

अगर आप पुराना स्मार्टफोन एक्सचेंज करते हैं तो 7,000 रुपये तक का फायदा मिल सकता है। वहीं, नए और महंगे फोन पर यह डिस्काउंट 45,000 रुपये तक जा सकता है। एक्सचेंज की रकम आपके फोन के मॉडल, उसकी हालत और सेलर की पॉलिसी पर निर्भर करेगी। इस तरह पुराना फोन भी काम आ जाएगा और नए iPhone की कीमत भी कम हो जाएगी।

EMI प्लान

भारत में लगभग 70% iPhones EMI पर खरीदे जाते हैं। नो-कॉस्ट EMI विकल्प 6 से 24 महीने तक किस्तों में पेमेंट करने की सुविधा देते हैं। इन EMI पर भी कैशबैक और एक्सचेंज बोनस का फायदा लिया जा सकता है।

लेकिन ध्यान देने वाली बात है कि कई बार 'नो-कॉस्ट' EMI पर प्रोसेसिंग फीस या प्री-पेमेंट पेनल्टी लगती है। इससे फोन की कुल लागत बढ़ सकती है। साथ ही, यह सुविधा अक्सर चुनिंदा बैंकों और कार्ड्स पर ही मिलती है।

एक्सेसरी डिस्काउंट

कई सेलर्स iPhone एक्सेसरीज जैसे AirPods, चार्जर और कवर पर 40% तक की छूट भी दे रहे हैं। इससे आप जरूरी एक्सेसरी भी कम दाम पर खरीद सकते हैं।

कुल कितनी कर सकते हैं बचत

कैशबैक और एक्सचेंज ऑफर्स मिलाकर आप iPhone 17 पर 10,000 रुपये से ज्यादा बचा सकते हैं। हर फोन पर एक साल की वारंटी मिलती है, लेकिन यह accidental या liquid damage को कवर नहीं करती। इसके लिए Apple Care या अलग से बीमा लेना पड़ेगा।

खरीदने से पहले EMI विकल्प और कैशबैक-एक्सचेंज की शर्तों को ध्यान से पढ़ना जरूरी है। तभी आप सही ऑफर का फायदा उठाकर iPhone 17 को बेहतर दाम पर खरीद पाएंगे।

पुराने iPhone मॉडल हुए सस्ते

अगर आप अपग्रेड करना चाहते हैं लेकिन iPhone 17 पर इतना खर्च नहीं करना चाहते, तो त्योहारी सीजन का इंतजार करना बेहतर होगा। Flipkart Big Billion Days और Amazon Great Indian Festival जैसी सेल में iPhone 16 और iPhone 15 काफी कम कीमत पर मिल सकते हैं। iPhone 17 की कीमत में तुरंत गिरावट की उम्मीद कम है, लेकिन पुराने मॉडल डिस्काउंट और ऑफर्स के साथ अच्छा विकल्प बन सकते हैं।

यह भी पढ़ें : GST 2.0: क्या 50,000 से ज्यादा कीमत वाले स्मार्टफोन होंगे सस्ते? जानें

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।