महंगाई का झटका! मार्च में बढ़कर 3.4% हुई रिटेल इंफ्लेशन, खाने-पीने की चीजों के बढ़े दाम

मार्च में महंगाई बढ़कर 3.4% पहुंच गई है, जिसमें खाने-पीने की चीजों का बड़ा योगदान रहा। ग्रामीण इलाकों में दबाव ज्यादा है। जानिए आने वाले महीनों में महंगाई और तेज होगी या राहत मिलेगी।

अपडेटेड Apr 13, 2026 पर 4:33 PM
Story continues below Advertisement
कंबाइंड CPI इंडेक्स मार्च में बढ़कर 104.84 हो गया, जो फरवरी में 104.57 और मार्च 2025 में 101.39 था।

देश में रिटेल महंगाई मार्च 2026 में बढ़कर 3.4% हो गई है, जो फरवरी में 3.2% थी। 13 अप्रैल को जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस बढ़त की मुख्य वजह खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ना रही। हालांकि बढ़त के बावजूद महंगाई अभी भी 4% के स्तर से नीचे बनी हुई है, जो कुछ राहत की बात है।

खाने-पीने की चीजों से बढ़ा दबाव

मार्च में फूड इन्फ्लेशन बढ़कर 3.87% हो गई, जो फरवरी में 3.47% थी। इसका मतलब है कि रोजमर्रा की जरूरत की चीजें महंगी हो रही हैं। ग्रामीण इलाकों में फूड इन्फ्लेशन 3.96% रही। शहरों में यह 3.71% दर्ज की गई।


ग्रामीण इलाकों में ज्यादा महंगाई

कुल मिलाकर भी गांवों में महंगाई शहरों से ज्यादा रही। ग्रामीण CPI महंगाई मार्च में 3.63% रही, जबकि शहरी इलाकों में यह 3.11% दर्ज की गई।

कुल CPI इंडेक्स मार्च में बढ़कर 104.84 हो गया, जो फरवरी में 104.57 और पिछले साल मार्च में 101.39 था।

किन सेक्टर में ज्यादा बढ़े दाम

खर्च की अलग-अलग कैटेगरी में पर्सनल केयर, सोशल प्रोटेक्शन और अन्य सेवाओं में सबसे ज्यादा 18.65% की तेजी देखी गई। पान, तंबाकू जैसे पदार्थों में महंगाई 4.23% रही। फूड एंड बेवरेजेस में 3.71% की बढ़त दर्ज हुई।

कपड़े और जूते-चप्पल में महंगाई 2.75% रही। वहीं, घर, पानी, बिजली, गैस और अन्य ईंधन से जुड़े खर्च 1.97% बढ़े। ट्रांसपोर्ट महंगाई 0% पर रही, यानी इस दौरान ईंधन या सफर के खर्च में खास बदलाव नहीं हुआ।

कुछ चीजें सस्ती भी हुईं

खाने-पीने की कई चीजों के दाम गिरे भी हैं। प्याज के दाम सालाना आधार पर 27.76% कम हुए। आलू 18.98% सस्ता हुआ। लहसुन 10.18% गिरा। अरहर दाल 9.56% और मटर/चना 7.87% सस्ता हुआ।

कुछ चीजों में तेज बढ़ोतरी

वहीं कुछ चीजों में जोरदार तेजी देखने को मिली। चांदी के गहनों में महंगाई 148.61% रही। सोना और हीरे के गहनों में 45.92% की बढ़त हुई। नारियल (कोप्रा) 45.52% महंगा हुआ। टमाटर 35.99% और फूलगोभी 34.11% महंगी हुई।

किन राज्यों में ज्यादा महंगाई

राज्यों में तेलंगाना में सबसे ज्यादा 5.83% महंगाई दर्ज की गई। इसके बाद आंध्र प्रदेश (4.05%), कर्नाटक (3.96%), तमिलनाडु (3.77%) और राजस्थान (3.64%) का नंबर रहा।

आगे क्या हो सकता है

आने वाले महीनों में खाने-पीने के अलावा दूसरे सेक्टर में भी कीमतों में तेजी देखने को मिल सकती है। पश्चिम एशिया के तनाव का असर शिपिंग और इंश्योरेंस खर्च पर पड़ रहा है। इससे आगे महंगाई बढ़ने का दबाव बन सकता है।

8th Pay Commission: कब और कहां होंगी मीटिंग, कौन ले सकता है हिस्सा? सामने आई पूरी डिटेल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।