आज लगातार तीसरे दिन भारतीय बाजार में बिकवाली देखने को मिली। महंगाई से जुड़ी चिंता ने बाजार पर दबाव बनाए रखा। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 237.44 अंक यानी 0.41 फीसदी की गिरावट के साथ 58,338.93 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 54.65 अंक यानी 0.31 फीसदी टूटकर 17,475.65 के स्तर पर बंद हुआ।
छुट्टियों वाले इस हफ्ते में सेंसेक्स और निफ्टी में क्रमश: 1.8 फीसदी (1,108.25 अंक ) और 1.7 फीसदी (308.65 अंक ) की गिरावट देखने को मिली। बता दें कि बाजार महावीर जयंती और आंबेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को और गुड फ्राइडे होने के कारण 15 अप्रैल को बंद रहेगा।
18 अप्रैल को कैसी रहेगी बाजार की चाल
LKP Securities के रूपक डे का कहना है कि आज के पूरी कारोबारी सत्र में निफ्टी काफी वोलेटाइल रहा और पूरे दिन इसका रुझान निगेटिव ही बना रहा। निचले छोर पर इसने 17,400-17,450 के स्तर को भी चैलेंज किया और यह 17600 के ऊपर टिके रहने में कामयाब नहीं रहा। उम्मीद है कि आगे भी बाजार में कमजोरी जारी रहेगी। अब निफ्टी के लिए 17,400 पर अहम सपोर्ट नजर आ रहा है। अगर निफ्टी इसके नीचे फिसलता है तो बाजार में और कमजोरी आ सकती है। ऊपर की तरफ निफ्टी के लिए 17,600 - 17800 पर रजिस्टेंस नजर आ रहा है।
Kotak Securities के अमोल अठावले का कहना है कि बाजार में लगातार ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली देखने को मिल रही है। बाजार का ट्रेंड कमजोर है लेकिन अगर निफ्टी अपने 20-day SMA के ऊपर टिके रहने में कामयाब रहता है तो फिर एक पुलबैक रैली की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। अगर निफ्टी अपने 20-day SMA के ऊपर टिके रहने में कामयाब रहता है तो हमें इसमें 17,700 और सेंसेक्स में 59,000 का स्तर देखने को मिल सकता है जो इनका 10-day SMA भी है। इसके बाद भी निफ्टी में तेजी कायम रह सकती है और निफ्टी हमें 17,800-17,850 और सेंसेक्स 59,300-59,450 पर जाता नजर आ सकता है।
वहीं नीचे की तरफ निफ्टी के लिए 17,450-17,400 पर और सेंसेक्स के लिए 58,200-58,000 पर सपोर्ट नजर आ रहा है। अगर सेंसेक्स-निफ्टी इसके नीचे फिसलता है तो इनमें हमें 17,200-17,100 और 57,300-57,000 का स्तर देखने को मिल सकता है।