Pradhanmantri Jeevan Jyoti Bima Yojana: कोरोना काल में टर्म इंश्योरेंस के जरिए आप अपने परिवार को बेहतर आर्थिक सुरक्षा दे सकते हैं। अगर आप महंगे प्रीमियम के कारण इंश्योरेंस नहीं ले पा रहे हैं तो आप केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (Pradhanmantri Jeevan Jyoti Bima Yojana -PMJJBY) का लाभ ले सकते हैं। ये बीमा योजना केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही है। इसमें 330 रुपये सालाना प्रीमियम पर आपको जीवन बीमा मुहैया कराया जाता है।
योजना में लाभार्थी की किसी भी प्रकार से मौत पर नॉमिनी या परिवार को 2 लाख रुपए की राशि मिलती है। यानी अगर किसी व्यक्ति की कोरोना से भी मौत होती है तो जिनके नाम से इंश्योरेंस हैं, उनके नॉमिनी या परिवार को बीमा की 2 लाख रुपए मिलेंगे।
ये है एक टर्म इंश्योरेंस प्लान
PMJJBY एक टर्म इंश्योरेंस प्लान है। टर्म इंश्योरेंस में पॉलिसी लेने वाले की मौत के बाद ही लाभ मिलता है। अगर पॉलिसीहोल्डर्स समय पूरा होने के बाद ठीक-ठाक रहता है तो उसे कोई लाभ नहीं मिलता है। इसे हर साल रिन्यू किया जा सकता है।
सालाना 330 रुपए का देना होगा प्रीमियम
PMJJBY का फायदा उठाने के लिए हर साल 330 रुपए का प्रीमियम देना होता है। देख जाए तो टर्म प्लान बहुत मामूली प्रीमियम पर जोखिम से सुरक्षा उपलब्ध कराने का बेहतर जरिया है।
किसको मिल सकता है इस योजना का लाभ
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत टर्म प्लान लेने के लिए न्यूनतम उम्र 18 साल और अधिकतम उम्र 50 साल है। भारत को कोई नागरिक इस योजना का लाभ उठा सकता है। पॉलिसी की मैच्योरिटी की उम्र 55 साल है। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना की शुरुआत 9 मई 2015 को की गई थी।
इस योजना के तहत सालाना किश्त 31 मई से पहले देना होता है। प्रीमियम की यह राशि 25 मई से 31 मई के दौरान अपने आप अकाउंट से कट जाएगी। इसके लिए पॉलिसी होल्डर्स को सहमति देनी होगी। 1 जून से 31 मई इसका कवर पीरियड होता है। इसका मतलब यह हुआ कि PMJJBY पॉलिसी किसी भी तारीख को खरीदी गई हो, पहले साल के लिए उसका कवरेज अगले साल 31 मई तक ही होगा। इसमें रिस्क कवर स्कीम में इनरोलमेंट करवाने के 45 दिन बाद से मिलता है।