हर साल सिर्फ 1.5 लाख रुपये जमा करके बना सकते हैं 1.54 करोड़ रुपये का रिटायरमेंट फंड, जानिए कैसे

रिटायरमेंट के बाद आर्थिक रूप से सुरक्षित रहना हर किसी की इच्छा होती है। अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको बहुत बड़ा निवेश करने की जरूरत नहीं है। अगर आप 30 साल की उम्र से हर साल 1.5 लाख रुपये पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) में जमा करना शुरू कर दें

अपडेटेड Jun 01, 2026 पर 2:22 PM
Story continues below Advertisement
रिटायरमेंट के बाद आर्थिक रूप से सुरक्षित रहना हर किसी की इच्छा होती है।

रिटायरमेंट के बाद आर्थिक रूप से सुरक्षित रहना हर किसी की इच्छा होती है। अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको बहुत बड़ा निवेश करने की जरूरत नहीं है। अगर आप 30 साल की उम्र से हर साल 1.5 लाख रुपये पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) में जमा करना शुरू कर दें, तो 60 साल की उम्र तक करीब 1.54 करोड़ रुपये का फंड तैयार कर सकते हैं। PPF सरकार की चलाई जा रही सेविंग स्कीम है। इसमें निवेश पर अच्छा ब्याज मिलता है और टैक्स का भी फायदा मिलता है।

कितना मिलेगा रिटर्न?

अगर कोई व्यक्ति 30 साल की उम्र से निवेश शुरू करता है और 60 साल तक हर साल 1.5 लाख रुपये जमा करता है, तो उसका कुल निवेश 45 लाख रुपये होगा। मौजूदा 7.1 फीसदी ब्याज दर के हिसाब से यह रकम बढ़कर करीब 1.54 करोड़ रुपये हो सकती है। इसमें लगभग 1.09 करोड़ रुपये सिर्फ ब्याज से मिलेंगे, जबकि आपने अपनी जेब से केवल 45 लाख रुपये ही लगाए होंगे।


PPF में करोड़ों का फंड कैसे बनता है?

इसका सबसे बड़ा कारण है कंपाउंडिंग। आपको सिर्फ आपके निवेश पर ही नहीं, बल्कि पहले मिले ब्याज पर भी ब्याज मिलता है। जितना ज्यादा समय पैसा PPF में रहेगा, उतनी तेजी से आपका फंड बढ़ता जाएगा। इसलिए जल्दी शुरुआत करना हमेशा फायदेमंद माना जाता है।

15 साल बाद खाता बंद नहीं होता

कई लोगों को लगता है कि PPF की पीरियड 15 साल पूरी होने के बाद खाता बंद हो जाता है। लेकिन ऐसा नहीं है। 15 साल पूरे होने के बाद आप खाते को 5-5 साल के ब्लॉक में आगे बढ़ा सकते हैं और निवेश जारी रख सकते हैं। इसी सुविधा की वजह से 30 साल की उम्र में शुरू किया गया निवेश 60 साल तक चलाया जा सकता है।

ब्याज का ज्यादा फायदा कैसे मिलेगा?

PPF में ब्याज हर महीने की 5 तारीख के बाद खाते में मौजूद न्यूनतम राशि पर गिना जाता है। इसलिए विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि सालाना निवेश अप्रैल की शुरुआत में, बेहतर हो तो 5 अप्रैल से पहले जमा कर दें। इससे पूरे साल उस रकम पर ब्याज मिलता है और रिटर्न थोड़ा बेहतर हो जाता है।

टैक्स में भी राहत

PPF की सबसे खास बात यह है कि इसमें निवेश, मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी पर मिलने वाली पूरी रकम तीनों टैक्स-फ्री होती हैं।

Bank Holidays: जून में बैंक जाएंगे तो पहले देख लें छुट्टियों की लिस्ट, कई शहरों में लगातार बंद रहेंगे बैंक

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।