Elon Musk tweet on Dogecoin : अरबपति बिजनेसमैन एलन मस्क के एक पांच शब्द के ट्वीट के चलते मीम बेस्ड क्रिप्टोकरंसी डोजकॉइन (dogecoin) की वैल्यू में भारी उछाल दर्ज किया गया। मस्क ने शुक्रवार को कहा कि डोजकॉइन के इस्तेमाल से टेस्ला इंक की मर्चेंडाइज खरीदी जा सकती है। इस रिपोर्ट को लिखते समय डोजकाइन की एक यूनिट 0.1981 डॉलर पर ट्रेड कर रही थी। इसकी वैल्यू में 26 फीसदी की मजबूती दर्ज की गई थी।
#dogecoin ट्विटर पर बना टॉप ट्रेंडिंग हैशटैग
इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी के सीईओ ने एक ट्वीट में कहा, “टेस्ला की मर्चेंडाइज को डोजकॉइन से खरीदा जा सकता है।” कुछ ही समय में #dogecoin ट्विटर पर टॉप ट्रेंडिंग हैशटैग बन गया।
एलन मस्क को सोशल मीडिया पर अपनी टिप्पणियों के जरिए डोजकॉइन की वैल्यु को प्रभावित करने के लिए जाना जाता है। पूर्व में इस पर उनके ट्वीट्स में वह ट्वीट भी शामिल है, जिसमें उन्होंने इसे “पीपल्स क्रिप्टो” यानी जनता की क्रिप्टो कहकर पुकारा था। कॉइनबेस वेबसाइट के डाटा के मुताबिक, इससे मीम कॉइन 2021 में 5,859 फीसदी मजबूत हो गई थी।
टाइम ने चुना मस्क को परसन ऑफ द ईयर
2021 में टाइम मैगजीन की तरफ से परसन ऑफ द ईयर के तौर पर चुने जाने वाले मस्क ने अक्टूबर में दोहराया था कि बिटकॉइन, इथेरियम और डोजकॉइन में उनकी सीमित होल्डिंग है। वह क्रिप्टोकरंसी स्पेस पर नजदीक से नजर रखते हैं और नियमित रूप से अपना आकलन देते रहते हैं।
ट्रांजैक्शन के लिए डोजकॉइन है बेहतर
टाइम को दिए अपने एक इंटरव्यू में, टेस्ला और स्पेसएक्स के चीफ ने कहा कि जब रोजाना के ट्रांजैक्शन की बात आती है तो डोजकॉइन एक अच्छी करंसी है।
एलन मस्क ने मैगजीन को बताया था, “बिटकॉइन की ट्रांजैक्शन वैल्यू कम है और प्रति ट्रांजैक्शन कॉस्ट ज्यादा है। कम से कम स्पेस के लेवल पर देखें तो यह एक वैल्यू को स्टोर करने के लिए उपयुक्त है। लेकिन यह ट्रांजैक्शन करंसी का कोई अच्छा विकल्प नहीं है।”
दुनिया में सबसे अमीर हैं मस्क
अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस को पीछे छोड़कर इसी साल दुनिया के सबसे अमीर शख्स बनने वाले एलन मस्क ने कहा, “यह वास्तव में अच्छी है, क्योंकि यह वैल्यू को स्टोर करने के लिए जमाखोरी की बजाय लोगों को खर्च करने के लिए प्रोत्साहित करती है।”