सेवानिवृत्ति निधि प्रबंधक कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (Employees Provident Fund Organisation (EPFO) का जिन खातों का नॉमिनेशन नहीं हुआ है उसमें 100 प्रतिशत ई-नॉमिनेशन करवाने का लक्ष्य है। इसमें ये भी रेखांकित किया है कि गैर-चिकित्सा उद्देश्यों के लिए ईपीएफ डिपॉजिट को निकालने के लिए यह महत्वपूर्ण होगा। बता दें कि सक्रिय ईपीएफ ग्राहक खातों में से कम से कम 40 प्रतिशत बिना नामांकन (nominations) के हैं और पेंशन फंड बॉडी का मानना है कि इसे प्राथमिकता से पूरा किया जाना चाहिए।
सरकार के निर्देश के बाद ईपीएफओ ने अपने 120 से अधिक फील्ड कार्यालयों को "मिशन मोड" में काम करने के लिए कहा है और नियोक्ताओं से भी ई-नामांकन (e-nomination) सुनिश्चित करने के लिए कहा है और बताया है कि ईपीएफ का जमा पैसा (EPF corpus) को निकालते समय यह काफी महत्वपूर्ण होगा। इस खबर की कम से कम तीन सरकारी अधिकारियों ने पुष्टि की है।
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा, "इस पहल के तहत ईपीएफओ नियोक्ताओं कह रहा है कि चिकित्सा संबंधी दावों और कोविड -19 के लिए एडवांस रकम को छोड़कर, कर्मचारियों को किसी अन्य कारण से पीएफ का जमा पैसा (PF corpus) निकालने की अनुमति देने से पहले अब नामांकन डिटेल्स प्राप्त होना आवश्यक है।"
ईपीएफओ के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, "इसका उद्देश्य किसी के लिए असुविधा पैदा करना नहीं है, बल्कि ईपीएफ यूजर्स के अनुभव में सुधार करना, कागजी काम को कम करना और यह सुनिश्चित करना है कि जब दावेदारी के मामले सामने आये तो सभी खाते पूरी तरह से क्लीन और परिपूर्ण हों।"
दूसरे अधिकारी ने कहा कि 75 साल के जश्न के रूप में सरकार ने ईपीएफओ को 100 प्रतिशत ई-नामांकन हासिल करने के लिए "मिशन मोड" का लक्ष्य दिया है।
एक अन्य अधिकारी ने कहा “फील्ड ऑफिस इस काम पर लगे हैं और पिछले कुछ हफ्तों से प्राथमिकता के आधार पर नियोक्ताओं तक पहुंच रहे हैं। हम नियोक्ताओं से कुछ उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त कर रहे हैं, लेकिन हमें यह याद रखना चाहिए कि लोकतंत्र में आपको अलग-अलग विचार और दृष्टिकोण देखने को मिलते हैं। ”
अधिकारियों ने कहा कि इस समय देश में चल रही महामारी के दौरान ईपीएफओ के फील्ड कार्यालयों में दावा निपटाने में समस्याएं अनुभव की गई हैं। परिजनों की ईपीएफओ ग्राहक की मृत्यु के मामले में रिटायरमेंट फंड बॉडी से दावों (claims) को प्राप्त करने के लिए सही कानूनी प्रमाण पत्र प्राप्त करने संघर्ष करना पड़ा।