क्या आप जोमैटो, पेटीएम, पॉलिसीबाजार के आईपीओ में निवेश का मौका चूक गए? बहुत सस्ते भाव पर मिल रहे ये शेयर

जौमेटो, पेटीएम, कारट्रेड और पॉलिसीबाजार के शेयर अभी बहुत कम भाव पर मिल रहे हैं। इन कंपनियों के शेयर प्राइस इश्यू प्राइस से बहुत नीचे आ गए हैं

अपडेटेड Mar 16, 2022 पर 6:15 PM
ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने पिछले साल जुलाई में आईपीओ पेश किया था। कंपनी ने आईपीओ में एक शेयर की कीमत 76 रुपये तय की थी। कंपनी के शेयर 23 जुलाई को 126 रुपये के प्राइस पर लिस्ट हुए थे।

क्या आपने आप जोमैटो (Zomato), पेटीएम (Paytm), पॉलिसीबाजार (Policybazaar), कारट्रेड (Cartrade) और नायका (Nykaa) के आईपीओ में अप्लाई किया था? अगर अप्लाई करने के बाद भी आपको शेयर नहीं मिले या किसी वजह से आप अप्लाई नहीं कर सकें तो अभी आपके लिए शानदार मौका है। दरअसल इन कंपनियों के शेयर अभी बहुत कम भाव पर मिल रहे हैं। नायका को छोड़ बाकी कंपनियों के शेयर प्राइस इश्यू प्राइस से बहुत नीचे आ गए हैं।

पेटीएम लिस्टिंग प्राइस के मुकाबे 59 फीसदी सस्ता

पेटीएम ने पिछले साल नवंबर में आईपीओ लॉन्च किया था। कंपनी ने आईपीओ में एक शेयर की कीमत 2150 रुपये तय की थी। कंपनी का शेयर 18 नवंबर को स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट हुआ। यह इश्यू प्राइस से नीचे 1,560 रुपये की कीमत पर लिस्ट हुआ। 16 मार्च को यह शेयर 634.80 रुपये पर बंद हुआ। इस तरह लिस्टिंग के बाद से यह शेयर 59 फीसदी से ज्यादा नीचे आ चुका है।


यह भी पढ़ें : Rakesh Jhunjhunwala को 2022 में बाजार की गिरावट से लगा झटका, जानिए टॉप 10 शेयरों का हाल

जोमैटो लिस्टिंग के बाद से 40% गिर चुका है

ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने पिछले साल जुलाई में आईपीओ पेश किया था। कंपनी ने आईपीओ में एक शेयर की कीमत 76 रुपये तय की थी। कंपनी के शेयर 23 जुलाई को 126 रुपये के प्राइस पर लिस्ट हुए थे। उसके बाद से कंपनी के शेयर दबाव में रहे। अभी इसका भाव (16 मार्च) 76 रुपये चल रहा है। इसका मतलब है कि यह शेयर अभी आईपीओ के भाव मिल रहा है। अगर आप इस शेयर को खरीदना चाहते हैं तो यह शानदार मौका है। लिस्टिंग के बाद से इसका भाव करीब 40 फीसदी गिर चुका है।

कंपनी आईपीओ प्राइस लिस्टिंग प्राइस लिस्टिंग के बाद से गिरावट
पेटीएम 2150  रुपये 1560  रुपये 59%
जोमैटो 76  रुपये 126 रुपये 40%
कारट्रेड 1618 रुपये 1580 रुपये 62%
पॉलिसीबाजार 980 रुपये 1202 रुपये 42%
नायका 1125 रुपये 2213 रुपये 32%

 

पॉलिसी बाजार के शेयर ने लिस्टिंग के बाद गंवाई 42 फीसदी वैल्यू

पॉलिसीबाजार का शेयर पिछले साल नवंबर में स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट हुआ था। इसकी पेरेंट कंपनी पीबी फिनटेक ने आईपीओ में एक शेयर का प्राइस 980 रुपये तय किया था। यह शेयर 15 नवंबर को 1202 रुपये पर लिस्ट हुआ था। उसके बाद से यह शेयर दबाव में रहा है। बुधवार (16 मार्च) को इसका भाव 701 रुपये रहा। इस तरह लिस्टिंग के बाद से यह शेयर करीब 42 फीसदी गिर चुका है। अभी यह आईपीओ से भी सस्ते भाव पर मिल रहा है।

कारट्रेड लिस्टिंग के बाद से 62 फीसदी नीचे आया

कारट्रेड टेक ने पिछले साल अगस्त में आईपीओ लॉन्च किया था। आईपीओ में शेयर का भाव 1618 रुपये तय किया था। 20 अगस्त को यह शेयर स्टॉक एक्सचेंजों में करीब 1580 रुपये पर लिस्ट हुआ था। अभी इसका भाव 565.25 रुपये चल रहा है। इसका मतलब है कि लिस्टिंग के बाद से इसका भाव 62 फीसदी से ज्यादा गिर चुका है।

लिस्टिंग के मुकाबले बहुत कम भाव मिल रहा नायका का शेयर

नायका का आईपीओ पिछले साल अक्टूबर के आखिर में आया था। कंपनी ने आईपीओ में एक शेयर का भाव 1125 रुपये तय किया था। यह शेयर 11 नवंबर को स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट हुआ था। इसकी लिस्टिंग शानदार हुई थी। इसने इनवेस्टर्स का पैसा लिस्टिंग के दिन दोगुना कर दिया। इसकी लिस्टिंग 2213 रुपये के प्राइस पर हुई थी। लेकिन, तब से यह 32 फीसदी गिर चुका है। 16 मार्च को यह शेयर 1496 रुपये पर बंद हुआ।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।