ICICI MF का हाउसिंग अपॉर्च्युनिटी फंड खुला, जानिए क्या आपको इनवेस्ट करना चाहिए?

हाउसिंग अपॉरचुनिटीज फंड का बेंचमार्क निफ्टी हाउसिंग इंडेक्स होगा। यह एनएसई का हाल में लॉन्च इंडेक्स है। यह फंड न सिर्फ रियल एस्टेट कंपनियों के शेयरों में निवेश करेगा बल्कि रियल एस्टेट सेक्टर से जुड़ी दूसरी कंपनियों में भी इनवेस्ट करेगा

अपडेटेड Mar 28, 2022 पर 8:27 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
हाउसिंग थीम पर अभी बाजार में एक ही फंड मौजूद है। इसका नाम एचडीएफसी हाउसिंग अपॉरचुनिटीज फंड है। यह फंड दिसंबर 2017 में लॉन्च हुआ था।

आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड ने हाउसिंग अपॉर्च्युनिटी फंड पेश किया है। यह न्यू फंड ऑपर 28 मार्च को निवेश के लिए खुल गया है। यह फंड हाउसिंग थीम पर आधारित है। ICICI Pru MF देश की दूसरी बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनी है।

फंड का प्रबंधन कौन करेगा?

इस फंड का प्रबंधन एस नरेन करेंगे। वह इस फंड के चीफ इनवेस्टमेंट ऑफिसर होंगे। उन्हें निवेश का व्यापक अनुभव है। वह हर तरह की बिजनेस साइकिल में इनवेस्टमेंट और प्रॉफिट के मौके की पहचान रखते हैं। आनंद शर्मा इस फंड के को-फंड मैनेजर हैं।


यह भी पढ़ें : पीवीआर-आइनॉक्स के विलय का दोनों कंपनियों के इनवेस्टर्स पर पड़ेगा क्या असर?

 

इस फंड का बेंचमार्क क्या होगा?

हाउसिंग अपॉरचुनिटीज फंड का बेंचमार्क निफ्टी हाउसिंग इंडेक्स होगा। यह एनएसई का हाल में लॉन्च इंडेक्स है। यह फंड न सिर्फ रियल एस्टेट कंपनियों के शेयरों में निवेश करेगा बल्कि रियल एस्टेट सेक्टर से जुड़ी दूसरी कंपनियों में भी इनवेस्ट करेगा।

यह फंड कहां इनवेस्ट करेगा?

आनंद शर्मा ने कहा कि इस फंड का पोर्टफोलियो डायवर्सिफायड होगा। यह उन कंपनियों के शेयरों में निवेश करेगा, जिनका संबंध कई सेक्टर से है। इससे इसे हाउसिंग सेक्टर की ग्रोथ का फायदा उठाने में मदद मिलेगी। इस तरह यह कंस्ट्रक्शन, फाइनेंशियल सर्विस कंपनीज, होम लोन कंपनीज, सीमेंट, पावर जैसी कंपनियों में पैसे लगाएगा।

सेबी का नियम क्या है?

निफ्टी हाउसिंग इंडेक्स में 50 शेयर शामिल हैं। शर्मा कहते हैं कि इस फंड के लिए निवेश का दायरा बहुत खुला हुआ है। सेबी के नियम के मुताबिक, इस फंड को अपना 80 फीसदी निवेश थीम के मुताबिक करना होगा। बाकी पैसे का निवेश फंड मैनेजर अपनी इच्छा से कर सकता है।

हाउसिंग थीम पर अभी कितने फंड हैं?

हाउसिंग थीम पर अभी बाजार में एक ही फंड मौजूद है। इसका नाम एचडीएफसी हाउसिंग अपॉरचुनिटीज फंड है। यह फंड दिसंबर 2017 में लॉन्च हुआ था। तब से इसने सिर्फ 4.5 फीसदी रिटर्न दिया है। शर्मा ने बताया कि हाउसिंग सेक्टर की एक बड़ी प्रॉब्लम जरूरत से ज्यादा सप्लाई है।

रियल एस्टेट सेक्टर साइकिल में चलता है। कभी यह लॉन्ग अपसाइकिल में होता है तो कभी यह लॉन्ग डाउनसाइकिल में होता है। शर्मा ने बताया कि आखिरी बार इस सेक्टर का अपसाइकिल 10 साल तक चला था। जब समय अच्छा चल रहा होता है तो थिमैटिक फंड का प्रदर्शन अच्छा होता है। जब समय खराब होता है तो इस सेक्टर के प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।