LIC IPO: एलआईसी के आईपीओ के बारे में आपके मन में कोई सवाल है तो यहां पढ़े उसका जवाब

LIC के आईपीओ में इनवेस्ट करने के लिए डीमैट अकाउंट होना जरूरी है। एलआईसी के पॉलिसीहोल्डर्स भी इस इश्यू में तभी अप्लाई कर सकेंगे, जब उनके पास डीमैट अकाउंट होगा।

अपडेटेड Feb 21, 2022 पर 9:12 AM
एलआईसी के आईपीओ में अप्लाई के लिए शेयरों की न्यूनतम संख्या तय है, जो सभी कैटेगरी के इनवेस्टर्स पर लागू होगी।

LIC का आईपीओ आने में ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। एलआईसी देश का सबसे बड़ा आईपीओ पेश करने जा रही है। LIC देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी है। आईपीओ के जरिए सरकार एलआईसी में अपनी 5 फीसदी हिस्सेदारी बेचेगी। आईपीओ में 10 फीसदी शेयर LIC के इंप्लॉयीज और पॉलिसीहोल्डर्स के लिए रिजर्व होंगे। इससे इन दोनों को शेयर एलॉट होने की संभावना बढ़ जाएगी।

LIC ने आईपीओ में पैसा लगाने वाले लोगों का कनफ्यूजन दूर करने के लिए खुद सवाल-जवाब के जरिए इश्यू के बारे में अहम जानकारियां दी है।

1. क्या आईपीओ में अप्लाई करने के लिए पॉलिसीहोल्डर्स के पास डीमैट अकाउंट होना जरूरी है?


हां, सेबी के आईसीडीआर रेगुलेशंस के तहत किसी कंपनी के शेयर फिजिकल फॉर्म में जारी नहीं किए जा सकते। शेयर सिर्फ डीमैटरियलाइज्ड फॉर्म में जारी होंगे। इसलिए जो पॉलिसीहोल्डर या रिटेल इनवेस्टर एलआईसी के आईपीओ में पैसे लगाना चाहते हैं, उनके पास डीमैट अकाउंट होना जरूरी है।

2. क्या रिजर्व कोटे के तहत अगर पॉलिसीहोल्डर शेयर खरीदता है तो उसके लिए कोई लॉक-इन पीरियड होगा?

पॉलिसीहोल्डर के लिए किसी तरह का लॉक-इन पीरियड नहीं होगा। वह चाहे तो लिस्टिंग के तुरंत बाद अपने शेयर बेच सकता है।

3. मेरे पास एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस की पॉलिसी है, क्या में एलआईसी के आईपीओ में पॉलिसीहोल्डर्स के लिए रिजर्व कोटे के तहत अप्लाई कर सकता हूं?

नहीं, एलआईसी के आईपीओ में पॉलिसीहोल्डर्स के लिए रिजर्व कोटे के तहत सिर्फ वे लोग अप्लाई कर सकते हैं, जिनके पास एलआईसी की पॉलिसी है।

4. क्या पॉलिसीहोल्डर्स के अप्लाई करने के लिए शेयरों की न्यूनतम संख्या तय है?

एलआईसी के आईपीओ में अप्लाई के लिए शेयरों की न्यूनतम संख्या तय है, जो सभी कैटेगरी के इनवेस्टर्स पर लागू होगी। आईपीओ बाजार में आने के बाद शेयरों की न्यूनतम संख्या के बारे में पता चलेगा।

यह भी पढ़ें : NSE की योगी गाथा : पद के मिसयूज, हेराफेरी और अंधविश्वास की अनोखी कहानी

5. रिजर्व कोटे के तहत कोई पॉलिसीहोल्डर मैक्सिमम कितने शेयरों के लिए अप्लाई कर सकता है?

आईपीओ पेश होने के बाद इसके बारे में सही जानकारी मिलेगी। हां, यह तय है कि अप्लाई किए जाने वाले शेयरों की कुल वैल्यू 2,00,000 रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।

6. डीमैट अकाउंट में शेयरों की कोई न्यूनतम संख्या होनी जरूरी है?

डीमैट अकाउंट में शेयरों की किसी तरह की न्यूनतम संख्या होनी जरूरी नहीं है।

7. क्या कोई पॉलिसीहोल्डर अपनी पत्नी/पति या बेटे/बेटी या रिश्तेदार के डीमैट अकाउंट से अप्लाई कर सकता है?

नहीं, पॉलिसीहोल्डर के नाम से डीमैट अकाउंट होना जरूरी है।

8. क्या 2,00,000 रुपये से ज्यादा मूल्य के शेयरों के लिए अप्लाई किया जा सकता है?

नहीं, बोली लगाने के लिए शेयरों की मैक्सिमस वैल्यू 2,00,000 रुपये तय है। हालांकि, एलिजिबल पॉलिसीहोल्डर्स RIB Category या Non-Institutional Bidders category में क्रमश: अतिरिक्त 2,00,000 रुपये और 2,00,000 रुपये से ज्यादा मूल्य के शेयरों के लिए अप्लाई कर सकते हैं।

9. LIC के पॉलिसीहोल्डर्स को आईपीओ में कितना डिस्काउंट मिलेगा?

IPO बाजार में आने के बाद पता चलेगा कि पॉलिसीहोल्डर को प्रति शेयर कितना फीसदी डिस्काउंट मिलेगा।

10. क्या एलआईसी के आईपीओ में निवेश करने पर टैक्स में छूट मिलेगी?

नहीं, Income Tax Rules के हिसाब से एलआईसी के आईपीओ में निवेश करने पर किसी तरह की टैक्स छूट नहीं मिलेगी।

11. मेरे पास ज्वाइंट लाइफ पॉलिसी है, क्या मैं और मेरी पत्नी दोनों को आईपीओ में अप्लाई के लिए रिजर्व कोटे का फायदा मिलेगा?

पॉलिसीहोल्डर रिजर्वेशन पोर्शन कैटेगरी के तहत दोनों में से कोई एक ही शेयरों के लिए अप्लाई कर सकता है। आईपीओ में अप्लाई करने वाले पॉलिसीहोल्डर का पैन पॉलिसी के रिकॉर्ड में अपडेटेड होना जरूरी है। अप्लिकेंट के नाम से डीमैट अकाउंट होना जरूरी है। अगर डीमैट अकाउंट ज्वाइंट है तो अप्लिकेंट का डीमैट अकाउंट का फर्स्ट/प्राइमरी होल्डर होना जरूरी है।

12. मेरी बेटी कनाडा में पढ़ाई कर रही है। उसकी इंडिया में पॉलिसी है, क्या वह पॉलिसीहोल्डर रिजर्व कोटे के तहत आईपीओ में अप्लाई कर सकती है?

आईपीओ के बिड/ऑफर पीरियड के दौरान उसका इंडिया में होना जरूरी है तभी वह इश्यू में अप्लाई कर सकेगी।

13. मैं अपने नाबालिग बेटे की पॉलिसी के लिए प्रपोजर हूं, क्या मुझे पॉलिसीहोल्डर रिजर्व कोटे के तहत अप्लाई करने की इजाजत होगी?

चूंकि आप पॉलिसी के ओनर हैं और इस वजह से एक पॉलिसीहोल्डर है, इसलिए आपको रिजर्व पोर्शन के तहत अप्लाई करने की इजाजत होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।