LIC IPO: आईपीओ में निवेश से पहले LIC के पॉलिसीहोल्डर्स को क्या-क्या बातें जान लेनी चाहिए?

एलआईसी के रिकॉर्ड में पैन अपडेट करना बहुत जरूरी है। आपको 28 फरवरी तक एलआईसी के पोर्टल पर अपडेशन प्रोसेस पूरा कर लेना चाहिए

अपडेटेड Feb 22, 2022 पर 3:33 PM
Story continues below Advertisement
LIC ने नहीं बताया है कि पॉलिसीहोल्डर्स के लिए इश्यू का कितना हिस्सा रिजर्व होगा। हालांकि, इसकी सीमा 10 फीसदी होगी।

LIC मार्च में आईपीओ पेश करने जा रही है। इसके ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) में इश्यू के साइज के बारे में कुछ नहीं बताया गया है। लेकिन, माना जा रहा है कि सरकार इस इश्यू में अपनी 5 फीसदी हिस्सेदारी बेचेगी। इश्यू का साइज 50,000 से 90,000 करोड़ रुपये हो सकता है।

पहली बार कोई बीमा कंपनी आईपीओ में पॉलिसीहोल्डर्स के लिए कोटा तय करने जा रही है। आइए इश्यू आने से पहले हम वो बातें जानते हैं, जो हर पॉलिसीहोल्डर को जाननी चाहिए।

एलआईसी के आईपीओ में पॉलिसीहोल्डर्स के लिए कितने शेयर रिजर्व होंगे?


LIC ने नहीं बताया है कि पॉलिसीहोल्डर्स के लिए इश्यू का कितना हिस्सा रिजर्व होगा। हालांकि, इसकी सीमा 10 फीसदी होगी। डीआरएचपी में कहा गया है कि पॉलिसीहोलडर्स के लिए तय कोटा इश्यू साइज के 10 फीसदी से ज्यादा नहीं होगा। कोई पॉलिसीहोल्डर मैक्सिमम 2 लाख रुपये मूल्य के शेयरों के लिए बोली लगा सकेगा।

यह भी पढ़ें : LIC के IPO को लेकर पॉलिसीहोल्डर्स में उत्साह, अब तक 70 लाख लोगों ने PAN कराया अपडेट: चेयरमैन

मुझे कैसे पता चलेगा कि मैं पॉलिसीहोल्डर के लिए तय कोटे का फायदा उठा सकता हूं?

ऐसे लोग जिनके पाक 13 फरवरी तक एलआईसी की एक भी पॉलिसी है वे इश्यू खुलने पर इसमें पॉलिसीहोल्डर्स के लिए रिजर्व कोटे के तहत अप्लाई कर सकते हैं। इसका मतलब है कि अगर आपने 13 फरवरी के बाद पॉलिसी खरीदी हैं तो आप इश्यू के रिजर्व कोटे के तहत अप्लाई करने के हकदार नहीं होंगे। अगर आपको एनुइटी मिलती है तो भी आप आईपीओ के लिए अप्लाई कर सकेंगे।

चर्चा है कि LIC अपने पॉलिसीहोल्डर्स को आईपीओ में डिस्काउंट देगी, कितना डिस्काउंट मिल सकता है?

LIC के पॉलिसीहोल्डर्स को इश्यू प्राइस पर डिस्काउंट मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अभी कंपनी ने इस बारे में बताया नहीं है। आईपीओ बाजार में आने से 1-2 दिन पहले कंपनी डिस्काउंट के बारे में बता सकती है। आईथॉट फाइनेंशियल कंसल्टिंग के फाउंडर श्याम शेखर ने रहा कि 5 से 10 फीसदी बहुत अच्छा डिस्काउंट होगा।

LIC पैन अपडेट करने के लिए अवेयरनेस बढ़ा रही है, लेकिन अभी मैंने प्रोसेस पूरा नहीं किया है, क्या मेरे पास इसे अपडेट करने का पूरा समय है?

एलआईसी के रिकॉर्ड में पैन अपडेट करना बहुत जरूरी है। आपको 28 फरवरी तक एलआईसी के पोर्टल पर अपडेशन प्रोसेस पूरा कर लेना चाहिए।

मेरे पास डीमैट अकाउंट नही है, क्या मैं आईपीओ में अप्लाई करने के लिए अपने पेरेंट या वाइफ के डीमैट अकाउंट का इस्तेमाल कर सकता हूं।

इस इश्यू में हिस्सा लेने के लिए डीमैट अकाउंट होना बहुत जरूरी है। आप दूसरे अकाउंट से आईपीओ में अप्लाई नहीं कर सकते हैं।

मेरी मां ने मुझे अपनी पॉलिसी में नॉमिनी बनाया है, क्या मैं कोटे के तहत अप्लाई कर सकता हूं?

नहीं, कोटा सिर्फ पॉलिसीहोल्डर्स के लिए है न कि बेनेफिशियरी के लिए। इसलिए आप अप्लाई नहीं कर सकेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।