Post Office Scheme: पोस्ट ऑफिस अपने ग्राहकों के लिए कई तरह की योजनाएं चलाता है। इन्हीं में से एक ग्राम सुमंगल ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना (Gram Sumangal Rural Postal Life Insurance Scheme) है। इसमें आप हर दिन 95 रुपये का निवेश कर मैच्योरिटी के समय लगभग 14 लाख रुपये हासिल कर सकते हैं। जैसा कि नाम से पता चलता है, ग्राम सुमंगल ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले निवेशकों के लिए है। पोस्ट ऑफिस की वेबसाइट के अनुसार, यह योजना एक मनी बैक पॉलिसी (Money Back Policy) है।
इस योजना का मकसद देश के ग्रामीण इलाकों में लोगों को बीमा कवर का लाभ मुहैया कराना है। समाज के कमजोर वर्ग और महिलाओं को बीमा की सुविधा दी जा सके। इन्ही सब बातों को खयाल में रखते हुए यह योजना शुरू की गई है। सरकार का मानना है कि ऐसी योजना से ग्रामीणों में बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
पोस्ट ऑफिस ग्राम सुमंगल योजना एक मनी बैक पॉलिसी है। जिसके तहत बीमा लेने वाले व्यक्ति को स्कीम की अवधि के बीच में कुछ पैसे दिए जाते हैं। यह एक एनडॉमेंट (endowment scheme) स्कीम है। इसे साल 1995 में शुरू किया गया था। इस योजना के तहत बीमा कराने वाले को आवश्यक खर्च के लिए बीच-बीच में पैसे मिलते रहते हैं। अगर बीमा कराने वाले की की दुर्भाग्यवश पॉलिसी के दौरान मृत्यु हो जाए तो मनी बैक के पैसे को मैच्योरिटी के पैसे में नहीं जोड़ा जाएगा। कहने का मतलब ये हुआ कि मैच्योरिटी के पैसे में मनी बैक का पैसा शामिल नहीं होगा। बीमा लेने वाले की मृत्यु होने पर उसके नॉमिनी को बोनस के साथ सम एस्योर्ड का पूरा पैसा मिलेगा।
यह पॉलिसी 15 और 20 साल की अवधि की है। पॉलिसी लेने के लिए कम से कम 19 साल उम्र होनी चाहिए। 15 साल की पॉलिसी के तहत एश्योर्ड राशि का 20-20 फीसदी हिस्सा छह, नौ और 12 साल पूरे होने पर मनी-बैक के तौर पर मिलेगा। बाकी 40 फीसदी रकम बोनस के साथ मैच्योरिटी पर मिलेगी। इसी तरह 20 साल की पॉलिसी के तहत आठ, 12 और 16 साल पर 20-20 फीसदी राशि मनी बैक के तौर पर मिलेगी। बाकी 40 फीसदी राशि मैच्योरिटी पर बोनस के साथ मिलेगी।
हर रोज 95 रुपये निवेश कर कैसे मिलेंगे 14 लाख रुपये
अगर कोई शख्स 25 साल की उम्र में 7 लाख रुपये की बीमा राशि के साथ 20 साल के लिए पॉलिसी में निवेश करना शुरू करता है। ऐसी स्थिति में हर महीने की किश्त 2853 रुपये या रोजाना लगभग 95 रुपये होगी। तीन महीने पर किश्त देने पर आपको 8,850 रुपये और 6 महीने पर आपको 17,100 रुपये देने होंगे। इसके बाद मैच्योरिटी पर करीब 14 लाख रुपये मिलेंगे।